Kohramlive : T20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल के बाद भारतीय तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह पर ICC ने कार्रवाई की है। इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल ने कोड ऑफ कंडक्ट के लेवल-1 उल्लंघन के लिए उन पर मैच फीस का 15% जुर्माना लगाया है और उनके रिकॉर्ड में एक डिमेरिट पॉइंट भी जोड़ा गया है। यह घटना अहमदाबाद में भारत-न्यूजीलैंड फाइनल के दौरान न्यूजीलैंड की पारी के 11वें ओवर में हुई। अर्शदीप ने गेंद फील्ड कर तेज़ी से बैटर डेरिल मिशेल की ओर फेंकी, जो उनके पैड पर लग गई। इसके बाद मिशेल ने नाराजगी जताई। हालांकि ओवर खत्म होने के बाद दोनों खिलाड़ियों ने हाथ मिलाकर मामला शांत कर लिया। ICC के मुताबिक अर्शदीप ने मैच रेफरी एंडी पायक्रॉफ्ट द्वारा दी गई सजा को स्वीकार कर लिया, इसलिए इस मामले में अलग से सुनवाई की जरूरत नहीं पड़ी। गौरतलब है कि भारत ने फाइनल में न्यूजीलैंड को 96 रन से हराकर तीसरी बार टी20 वर्ल्ड कप का खिताब जीता। इस मैच में जसप्रीत बुमराह ने 4 विकेट लेकर प्लेयर ऑफ द मैच का खिताब अपने नाम किया।
इसे भी पढ़ें : सरकार का सख्त कदम, देशभर में लागू हुआ अनिवार्य वस्तु अधिनियम










