New Delhi : बॉम्बे हाईकोर्ट प्रशासन के आधिकारिक ईमेल पते पर आज धमकी भरा संदेश आया। ईमेल में साफ लिखा था कि इमारत में बम रखा गया है, विस्फोट होगा। इस सूचना के मिलते ही पूरे परिसर में भय और सन्नाटा छा गया। हाईकोर्ट परिसर को तुरंत खाली कराया गया। सभी न्यायाधीशों, वकीलों, कर्मचारियों और आगंतुकों को बाहर भेज दिया गया। बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वॉड मौके पर पहुंचे और चप्पे-चप्पे की तलाशी शुरू की। हालांकि कड़ी जांच के बाद कुछ संदिग्ध नहीं मिला।
दिल्ली हाईकोर्ट में भी इसी तरह की सनसनी
कुछ घंटे पहले दिल्ली हाईकोर्ट को भी बम की धमकी वाला ईमेल मिला था। कार्यवाही के दौरान ही न्यायाधीशों को अचानक बाहर जाना पड़ा। सुबह 8.39 बजे महापंजीयक को धमकी भरा मेल मिला था। ईमेल में दावा किया गया था कि न्यायाधीशों के कक्ष और परिसर में तीन बम रखे गये हैं, और दोपहर की इस्लामी नमाज के बाद धमाका होगा। बम निरोधक दस्ता, डॉग स्क्वॉड और अग्निशमन टीम मौके पर मौजूद रही। पुलिस अधिकारियों ने मीडिया को बताया कि हाल के दिनों में शहर के कई प्रतिष्ठानों और स्कूलों को इसी तरह की धमकी भरे मेल मिले हैं, लेकिन अब तक सब झूठे साबित हुये हैं।












