Kohramlive : दक्षिण भारतीय सिनेमा के दो महानायक रजनीकांत और कमल हासन लगभग 47 साल बाद एक साथ बड़े पर्दे पर नजर आयेंगे। इस मेगा फिल्म का निर्देशन नेल्सन दिलीपकुमार कर रहे हैं। फिलहाल इस प्रोजेक्ट को अस्थायी नाम ‘KH x RK’ दिया गया है। निर्माताओं ने फिल्म का पहला प्रोमो वीडियो जारी किया, जिसमें रेट्रो गैंगस्टर स्टाइल की झलक दिखाई गई।वीडियो में निर्देशक नेल्सन की मजेदार उलझन दिखाई गई, पहले किस सुपरस्टार के कमरे में जायें! इसी बीच संगीतकार अनिरुद्ध रविचंदर आते हैं और ‘राग’ चुनने की दुविधा में नेल्सन को क्लासिक “एक चुन लो” ट्रिक सुझाते हैं। यही ट्रिक नेल्सन दोनों महानायकों के बीच अपनी उलझन सुलझाने के लिये अपनाते हैं, जिससे प्रोमो में हास्य का तड़का लग जाता है।
रेट्रो स्वैग में दिखे दोनों सुपरस्टार
प्रोमो के आखिर में माहौल अचानक बदल जाता है और दोनों सितारे फुल-लेंथ लेदर जैकेट में स्टाइलिश गैंगस्टर लुक में नजर आते हैं। अंधेरे गैरेज में खड़ी कार की ओर बढ़ते हुये उनका टशन फैंस का दिल जीत लेता है। क्लिप का दमदार मोड़, दोनों नेल्सन से पूछते हैं, “हीरो कौन है?” इससे पहले जारी पोस्टर में दो हाथ दिखे, जिनमें सोने की घड़ी और अंगूठी नजर आई, एक क्लासिक रेट्रो स्वैग का इशारा। टैगलाइन थी, “कुछ लोग नियम बनाते हैं, कुछ लोग राज करते हैं।” रजनीकांत और कमल हासन आखिरी बार 1979 की फिल्म ‘अलाउद्दीनम अल्भुथा विलक्कुम’ में साथ दिखे थे। इससे पहले ‘अपूर्व रागंगल’, ‘अवरगल’, ‘मुंद्रू मुदिचू’ और ‘पतिनारु वयथिनिले’ जैसी क्लासिक फिल्मों में भी दोनों ने साथ काम किया था।






