Kohramlive : सिनेमा की रोशनी के बीच एक चेहरा अचानक हमेशा के लिये ओझल हो गया। महज 27 साल की उम्र में अभिनेत्री अनन्या राज ने दुनिया को अलविदा कह दिया। ‘Ghost’ और तेलुगु फिल्म ‘Thaggede Le’ में नजर आ चुकीं अनन्या ने 15 जुलाई की सुबह नींद में शांतिपूर्वक अंतिम सांस ली। उनके निधन की खबर परिवार ने करीब एक महीने बाद सोशल मीडिया के जरिये साझा की। जैसे ही यह खबर सामने आई, अनन्या के प्रशंसकों और फिल्म जगत से जुड़े लोगों के बीच शोक की लहर दौड़ गई।
हिंदी सिनेमा से शुरू हुआ था सफर
अनन्या राज ने अपने अभिनय करियर की शुरुआत हिंदी फिल्मों से की थी। साल 2016 में आई ‘7 Hours to Go’ में वह नजर आईं। इसके बाद उन्होंने हॉरर फिल्म ‘The Final Exit’ में काम किया। वर्ष 2019 में विक्रम भट्ट की फिल्म ‘Ghost’ में भी उन्होंने अहम भूमिका निभाई और अपनी पहचान बनाई। छोटे लेकिन लगातार आगे बढ़ते करियर में अनन्या ने अलग-अलग तरह के किरदारों के जरिये अपनी जगह बनाने की कोशिश की थी। हिंदी फिल्मों के बाद अनन्या ने दक्षिण भारतीय सिनेमा का रुख किया। साल 2022 में रिलीज हुई तेलुगु फिल्म ‘Thaggede Le’ में उन्होंने Lizzie का किरदार निभाया था। इस फिल्म के लिये उन्होंने तेलुगु भाषा सीखी और खास बात यह रही कि अपनी डबिंग भी खुद की। अपने एक पुराने इंटरव्यू में उन्होंने तेलुगु सिनेमा में कदम रखने को लेकर उत्साह भी जाहिर किया था। फिल्मों के अलावा अनन्या कई म्यूजिक वीडियोज का भी हिस्सा रही थीं। उन्होंने T-Series, Zee Music और Times Music जैसे म्यूजिक लेबल्स के साथ काम किया। वह ‘Madrasi Gang’ प्रोजेक्ट से भी जुड़ी थीं, जिसमें उन्होंने Savita का किरदार निभाया था।
परिवार ने कहा, नींद में ली शांतिपूर्वक अंतिम सांस
अनन्या के परिवार ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिये उनके निधन की जानकारी दी। परिवार के मुताबिक, उन्होंने 15 जुलाई की सुबह नींद में शांतिपूर्वक अंतिम सांस ली। हालांकि, परिवार ने इस खबर को सार्वजनिक करने में करीब एक महीने का वक्त लिया। उनकी मौत की वजह को लेकर फिलहाल परिवार की ओर से कोई विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है। अनन्या के चाहने वालों के लिये यह खबर इसलिये भी झकझोर देने वाली है क्योंकि वह अभी सिर्फ 27 साल की थीं। एक ऐसा सफर, जिसमें सपने थे, नये किरदार थे और आगे बढ़ने की उम्मीद थी, वह अचानक थम गया। सोशल मीडिया पर फैंस उन्हें याद कर रहे हैं और श्रद्धांजलि दे रहे हैं।








