Jamshedpur : झारखंड के भाजपा प्रदेश प्रवक्ता अभय सिंह अपने जुड़वां भाई निर्भय सिंह की अर्थी को कंधा देते हुये फफक पड़े। यह दृश्य देखकर अंतिम यात्रा में शामिल लोगों की आंखें भी नम हो गयीं। शनिवार को काशीडीह स्थित आवास से निर्भय सिंह की अंतिम यात्रा निकली। भाजपा, झामुमो, कांग्रेस समेत विभिन्न राजनीतिक दलों के नेता और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि शामिल हुये। भुइयांडीह स्थित बर्निंग घाट पर बेटे ने उन्हें मुखाग्नि दी। निर्भय सिंह का शुक्रवार को हार्ट अटैक से निधन हो गया था। सुबह करीब 11 बजे अचानक उनकी तबीयत बिगड़ी। परिजन उन्हें TMH ले गये, जहां डॉक्टरों ने हार्ट अटैक की पुष्टि की। कैथ लैब में इलाज के बावजूद दोपहर करीब दो बजे उन्होंने दम तोड़ दिया। अंतिम यात्रा में पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा भी पहुंचे। उन्होंने श्रद्धांजलि अर्पित की और शोकाकुल परिवार को ढांढस बंधाया। ईचागढ़ के पूर्व विधायक अरविंद सिंह समेत कई नेता मौजूद रहे। भाई को खोने का दर्द अभय सिंह पहले भी बयां कर चुके थे। उनका एक भावुक वीडियो सामने आया था, जिसमें उन्होंने रोते हुये कहा था, ‘मेरे साथ भगवान ने बहुत गलत किया।’ शनिवार को भाई की अंतिम विदाई के दौरान उनका दर्द एक बार फिर छलक पड़ा।








