Garhwa(Nityanand Dubey) : गढ़वा में शुक्रवार की शाम अचानक आई तेज आंधी और मूसलाधार बारिश ने तबाही का मंजर खड़ा कर दिया। झारखंड–छत्तीसगढ़ को जोड़ने वाले नेशनल हाईवे-343 पर एक चलती कार पर अचानक एक विशाल पेड़ और बिजली का खंभा एक साथ गिर पड़े। हादसा रंका प्रखंड कार्यालय के पास हुआ। इस घटना में कार बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई, लेकिन चमत्कारिक ढंग से कार में सवार चारों यात्री सुरक्षित बच निकले। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि कुछ ही सेकंड का फर्क होता तो बड़ा हादसा हो सकता था। घटना की जानकारी मिलते ही रंका के थानेदार चेतन कुमार सिंह अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और तुरंत राहत व बचाव कार्य शुरू कराया। पुलिस और स्थानीय लोग मलबा हटाने में जुटे हैं। हादसे के कारण राष्ट्रीय राजमार्ग-343 पर रोड जाम हो गया। गढ़वा को पलामू और छत्तीसगढ़ से जोड़ने वाली सड़कों पर वाहनों की लगभग 10 किलोमीटर लंबी कतारें लग गईं। पुलिस लगातार जाम हटाने और सड़क को दोबारा सुचारू करने की कोशिश में जुटी रही।
मौसम विभाग की चेतावनी
स्थानीय प्रशासन के मुताबिक, अचानक मौसम बदलने की वजह से यह हादसा हुआ। गढ़वा और आसपास के क्षेत्रों में अगले कुछ घंटों तक तेज हवाओं और भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। लोगों से अपील की गई है कि वे अनावश्यक रूप से बाहर न निकलें और सतर्क रहें।












