Ranchi : किताबों की पढ़ाई के साथ-साथ जिंदगी की जरूरी सीख भी उतनी ही महत्वपूर्ण होती है। इसी सोच के साथ रांची के गुरु नानक स्कूल में एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जहां पुलिस अधिकारियों ने विद्यार्थियों को महिला सुरक्षा, नशा मुक्ति, साइबर अपराध और यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया। कार्यक्रम में बच्चों ने पुलिस अधिकारियों की बातें ध्यान से सुनीं, वहीं, अपनी जिज्ञासाओं से जुड़े कई सवाल भी पूछे। माहौल पूरी तरह संवादात्मक और प्रेरणादायक रहा।
रांची पुलिस ने दी जिम्मेदार नागरिक बनने की सीख
कार्यक्रम का आयोजन रांची के सिटी SP एवं ट्रैफिक SP के नेतृत्व में किया गया। इस दौरान विद्यार्थियों को बताया गया कि बदलते दौर में केवल शैक्षणिक ज्ञान ही नहीं, बल्कि सामाजिक और डिजिटल सुरक्षा की समझ भी बेहद जरूरी है। अधिकारियों ने बच्चों से कहा कि आज के युवा ही कल के जिम्मेदार नागरिक हैं, इसलिये उन्हें अभी से सही आदतें और जागरूकता अपनानी चाहिये। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं को महिला सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं की जानकारी दी गई। उन्हें बताया गया कि किसी भी प्रकार की छेड़छाड़, उत्पीड़न या असुरक्षित स्थिति में तुरंत परिवार, स्कूल प्रशासन या पुलिस से संपर्क करना चाहिये। वहीं, महिलाओं और लड़कियों के सम्मान तथा सुरक्षा को समाज की साझा जिम्मेदारी बताया गया।
नशे से दूर रहने का संदेश
पुलिस अधिकारियों ने युवाओं में बढ़ती नशे की प्रवृत्ति पर चिंता जताते हुये विद्यार्थियों से नशे से दूर रहने की अपील की। उन्होंने बताया कि नशा व्यक्ति के स्वास्थ्य, शिक्षा और भविष्य को बुरी तरह प्रभावित करता है। बच्चों को खेल, पढ़ाई और रचनात्मक गतिविधियों में अधिक समय देने की सलाह दी गई। डिजिटल युग में बढ़ते साइबर अपराधों को देखते हुये विद्यार्थियों को ऑनलाइन सुरक्षा के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। उन्हें बताया गया कि किसी अज्ञात लिंक पर क्लिक न करें, OTP और पासवर्ड किसी के साथ साझा न करें तथा सोशल मीडिया का जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करें। अधिकारियों ने साइबर ठगी के सामान्य तरीकों और उनसे बचाव के उपाय भी समझाये। कार्यक्रम में सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों पर भी विशेष चर्चा हुई। विद्यार्थियों को हेलमेट पहनने, सीट बेल्ट लगाने, ट्रैफिक सिग्नल का पालन करने और सड़क पर अनुशासन बनाये रखने की सीख दी गई। अधिकारियों ने कहा कि छोटी-सी लापरवाही भी बड़े हादसे का कारण बन सकती है।
इसे भी पढ़ें : ओरमांझी के बेटे ने बढ़ाया झारखंड का गौरव…
इसे भी पढ़ें : दुल्हन सजकर करती रही इंतजार, नहीं आई बारात… जानें क्यों
इसे भी पढ़ें : डेढ़ महीने में उजड़ गया पूरा घर, दर्दनाक कहानी ने सबको रुलाया…
इसे भी पढ़ें : इस घर में छिपे थे लुटेरे, फिर क्या हुआ… जानें
इसे भी पढ़ें : पहली बार रांची में सजेगा डूरंड कप का महाकुंभ…










