Ranchi : झारखंड में नक्सलवाद के खिलाफ चल रही निर्णायक लड़ाई में सुरक्षा बलों को एक और बड़ी कामयाबी मिली है। CRPF और झारखंड पुलिस की संयुक्त टीम ने 22 लाख रुपये के तीन हार्डकोर माओवादियों को गिरफ्तार कर लिया है। इनमें 15 लाख का इनामी मदन महतो, 5 लाख का इनामी रवि सरदार और 2 लाख की इनामी मीना शामिल है। मीना, मदन महतो की पत्नी है। गिरफ्तारी की पुष्टि झारखंड पुलिस मुख्यालय ने की है। छापेमारी के दौरान सुरक्षाबलों ने तीन AK-47 राइफल समेत भारी मात्रा में हथियार और अन्य सामान भी बरामद किया है।
मिसिर के बाद अब मदन गिरा
हाल में शीर्ष माओवादी नेटवर्क को मिले बड़े झटकों के बाद यह कार्रवाई नक्सल संगठन के लिए एक और बड़ा नुकसान मानी जा रही है। तीनों की गिरफ्तारी सरायकेला-खरसावां जिले में गुप्त सूचना के आधार पर चलाये गये संयुक्त अभियान में हुई। जांच में सामने आया है कि तीनों एक करोड़ रुपये के इनामी शीर्ष माओवादी असीम मंडल उर्फ आकाश के दस्ते से जुड़े थे। इन पर सुरक्षा बलों पर हमले, लेवी वसूली, IED बिछाने, हथियारबंद कार्रवाई और नये कैडरों की भर्ती जैसे गंभीर आरोप हैं।
15 लाख का इनामी मदन महतो
मदन महतो उर्फ शंकर उर्फ चारण पश्चिम बंगाल के पश्चिम मिदनापुर जिले का रहने वाला है। वह लंबे समय से जंगलमहल, बेलपहाड़ी, दलमा और कोल्हान क्षेत्र में सक्रिय था। संगठन में उसकी गिनती अहम ऑपरेशनल कमांडरों में होती थी। सुरक्षा बलों पर हमलों की रणनीति बनाने और नेटवर्क मजबूत करने में उसकी बड़ी भूमिका थी। दो लाख की इनामी मीना संगठन में कुरियर, लॉजिस्टिक्स और दस्तों के समन्वय का काम संभालती थी। जांच एजेंसियों के मुताबिक वह भी असीम मंडल के नेटवर्क का सक्रिय हिस्सा रही है।
रवि सरदार भी गिरफ्त में
पांच लाख का इनामी रवि सरदार माओवादी संगठन का रीजनल कमेटी सदस्य और कमांडर है। वह दलमा, सारंडा, कोल्हान और झारखंड-पश्चिम बंगाल सीमा के जंगलों में सक्रिय था। उस पर IED लगाने, हमलों की साजिश रचने और संगठन विस्तार का आरोप है। सुरक्षा एजेंसियां तीनों से पूछताछ कर रही हैं। माना जा रहा है कि इस गिरफ्तारी से माओवादी संगठन के नेटवर्क, हथियारों के ठिकानों और शीर्ष नेताओं की गतिविधियों से जुड़े कई अहम सुराग मिल सकते हैं।









