Dumka : दुमका के शिकारीपाड़ा थाना क्षेत्र के मंझलाडीह गांव में बीती देर रात दिल दहला देने वाली वारदात हुई। 63 साल की सुमीधन हांसदा की घर में घुसकर धारदार हथियार से हत्या कर दी गई। रात करीब 3 बजे उनके चीखने की आवाज सुनकर नाती बाहर आया तो एक शख्स को भागते देखा, जबकि वृद्धा आंगन में खून से लथपथ पड़ी थीं। परिजन कुछ समझ पाते उससे पहले ही उनकी मौत हो गई। सूचना पर शिकारीपाड़ा थानेदार अमित लकड़ा और दुमका SDPO विजय कुमार महतो मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। मृतका का बेटा और बहू दूसरे गांव में रहते हैं। परिजनों का कहना है कि उनकी किसी से कोई दुश्मनी नहीं थी। पुलिस फिलहाल हत्या के कारणों और आरोपी की पहचान में जुटी है।यहां याद दिला दें कि कुछ ही समय पहले इसी थाना क्षेत्र के आमचुआं गांव में दो महिलाओं की हत्या का मामला सामने आया था, जिसमें पुलिस ने 24 घंटे में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया था।











