Dhanbad : धनबाद के झरिया में बुधवार शाम बारिश से बचने की जद्दोजहद जानलेवा बन गई। लोदना क्षेत्र के आठ नंबर बीसीसीएल कॉलोनी में एक जर्जर क्वार्टर अचानक ढह गया, जिसकी चपेट में आकर तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गये। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, इलाके में खेल रहे कुछ बच्चे और अन्य लोग तेज बारिश से बचने के लिए खाली पड़े पुराने क्वार्टर में घुस गये थे। लेकिन ये पनाह कुछ ही मिनटों में मौत का फंदा बन गई। तेज आवाज के साथ अचानक इमारत भरभराकर गिर गई। मलबे में दबे सात लोगों की चीख-पुकार सुनकर स्थानीय लोग मौके पर दौड़े और रेस्क्यू कर सभी को बाहर निकाला।
घायलों को फौरन फुसबंगला मुस्कान अस्पताल ले जाया गया, जहां से तीन की हालत गंभीर देखते हुये उन्हें पीएमसीएच, धनबाद रेफर किया गया। डॉक्टरों ने जांच के बाद तीन को मृत घोषित कर दिया। शवों को एसएनएमएमसीएच भेज दिया गया है। घटना की सूचना मिलते ही झरिया विधायक रागिनी सिंह अस्पताल पहुंचीं और घायलों के परिजनों से मिलकर हालात की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों से इस मामले की जांच और मुआवजे की प्रक्रिया शुरू करने की बात कही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि ऐसे कई जर्जर क्वार्टर सालों से खतरा बने हुये हैं, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई।




