Palamu : नई दिल्ली स्थित रेल भवन में शुक्रवार को रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने अंबिकापुर से बरवाडीह तक नई रेल लाइन बनाने की घोषणा की। इस खबर से पलामू संसदीय क्षेत्र के बड़गढ़, भंडरिया और आसपास के इलाकों में आवागमन और विकास को लेकर नई उम्मीदें जगी हैं। इस रेल परियोजना को लेकर पलामू के सांसद विष्णु दयाल राम के नेतृत्व में चिरमिरी-अंबिकापुर-बड़गढ़-भंडरिया रेलवे लाइन निर्माण संघर्ष समिति के सदस्यों ने रेल मंत्री से मुलाकात की। बैठक में वर्षों से लंबित रेल संपर्क की मांग पर विस्तार से चर्चा हुई। इससे पहले अगस्त में भी समिति ने रेल मंत्री के सामने अंबिकापुर-गढ़वा प्रस्तावित रेल लाइन के मार्ग में बड़गढ़ और भंडरिया को शामिल करने की मांग रखी थी। उस समय रेल मंत्री ने मांग पर गंभीरता से विचार करने और दोबारा बैठक करने का भरोसा दिया था। अब नई रेल लाइन की घोषणा को क्षेत्र के लोगों की लंबे समय से चली आ रही मांग की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। सांसद विष्णु दयाल राम ने मीडिया को बताया कि स्वीकृत अंबिकापुर-गढ़वा रोड और रामानुजगंज-बरवाडीह रेल संपर्क के अलावा अब अंबिकापुर से बलरामपुर होते हुये बड़गढ़, नौका, भंडरिया, बिंदा और तेवाली के रास्ते बरवाडीह तक नई रेल लाइन बनाई जायेगी। इस मार्ग पर बलरामपुर और तेवाली में दो महत्वपूर्ण जंक्शन बनाने की भी घोषणा की गई है। इससे क्षेत्र में रेल संपर्क का विस्तार होने और आसपास के गांवों को बड़े शहरों से जोड़ने की उम्मीद है।





