Ranchi(Akhilesh Kumar) : रांची-टाटा मुख्य मार्ग पर रामपुर के पास रविवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में पिकअप चालक पप्पू यादव की मौत हो गई। वह चौका से दूध लेकर रांची मोहराबादी जा रहा था, तभी उसकी गाड़ी (JH01FP-3735) ने सड़क किनारे खड़े बालू लदे हाईवा में पीछे से जोरदार टक्कर मार दी।
पुलिस मौके पर पहुंची, घंटों की मशक्कत के बाद वाहन में फंसे पप्पू को बाहर निकाला गया और अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। स्थानीय लोगों का कहना है कि रांची-टाटा मार्ग पर यह आम समस्या है। हाईवा, ट्रक और अन्य भारी वाहन ढाबों के पास सड़क पर ही खड़े कर दिये जाते हैं, जिससे आए दिन जानलेवा हादसे हो रहे हैं।
एक महीना पहले ही तो शादी हुई थी…
मृतक के बड़े भाई कारू यादव ने बताया कि पप्पू की शादी एक माह पहले ही हुई थी। मूल रूप से बिहार के बख्तियारपुर का रहने वाला पप्पू इन दिनों धुर्वा में किराये पर रह रहा था। वह पांच भाइयों और चार बहनों में चौथे नंबर का था। हादसे के समय उसकी पत्नी मायके में थी। खबर मिलते ही घर में कोहराम मच गया। नई-नई दुल्हन का सुहाग छिन गया, और परिवार की खुशियां मातम बदल गई। सबको वो रुला गया।












