Hazaribagh : मारे गये गैंगस्टर अमन साहू गैंग के नाम पर NTPC अधिकारी से रंगदारी मांगने और गुंडई करने वाले संदेही गुनहगार दिवाकर तिवारी को बड़कागांव पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आज उसे जेल भेज दिया। थानेदार दीपक कुमार सिंह के मुताबिक, साल 2024 में 3 जनवरी को अमन साहू गैंग के नाम पर NTPC अधिकारी दिनेश कुमार मंडा से रंगदारी मांगने का मामला सामने आया था। इस संबंध में दिये गये लिखित आवेदन के आधार पर बड़कागांव थाना में केस (कांड संख्या 11/24, दिनांक 11 जनवरी 2024) दर्ज की गई थी। गिरफ्तार दिवाकर तिवारी हजारीबाग के कटकमदाग थाना क्षेत्र के रामनगर गांव का रहनेवाला है। उसने पुलिस को कई चौंकाने वाली जानकारी दे दी है। मिले क्लू पर पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है।








