Ranchi : उग्रवाद के खिलाफ जंग में अग्रिम पंक्ति में खड़ी झारखंड जगुआर (STF) कल यानी 19 फरवरी को अपना 18वां स्थापना दिवस मनाने जा रही है। इस अवसर पर बलिदान देने वाले वीर जवानों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। राज्य में नक्सल उन्मूलन अभियान के दौरान पिछले 18 वर्षों में 24 जवानों और पदाधिकारियों ने कर्तव्य की राह में सर्वोच्च बलिदान दिया। इन वीर सपूतों के अदम्य साहस और कर्तव्यनिष्ठा को याद करते हुये झारखंड जगुआर ने उन्हें नमन किया।
शहीद परिवारों का सम्मान
स्थापना दिवस से पहले राज्य के विभिन्न जिलों में रह रहे शहीद जवानों के परिजनों से पुलिस अधिकारियों ने मुलाकात की।परिजनों को शॉल और सम्मान भेंट कर सम्मानित किया गया। परिवारों का हाल-चाल जाना गया। वहीं हर संभव सहयोग का भरोसा दिलाया गया। संदेश साफ था, बलिदान व्यर्थ नहीं जायेगा और परिवार अकेला नहीं है।
उग्रवाद के खिलाफ मजबूत दीवार
झारखंड जगुआर ने 18 वर्षों में राज्य में शांति और विकास के लिए अहम भूमिका निभाई है। दुर्गम इलाकों में अभियान चलाकर संगठन ने नई बुलंदियां हासिल की हैं। इस मौके पर STF ने दोहराया कि शहीदों की कुर्बानी को हमेशा याद रखा जायेगा और राज्य में अमन-चैन कायम रखने का संकल्प और मजबूत होगा।




