Ramgarh : आज नेमरा गांव में एक अनोखा मंजर था, CM हेमंत सोरेन के दरवाजे पर श्रद्धांजलि देने वालों का तांता लगा रहा। गांव-गांव से आये किसान, महिलायें, युवा, जनप्रतिनिधि और सामाजिक संगठन, सबके दिलों में एक ही नाम दिशोम गुरु स्व. शिबू सोरेन। लोग भावुक होकर गुरुजी के संघर्ष, त्याग और सादगी की बातें करते रहे। किसी ने कहा “गुरुजी ने हमें जीना सिखाया”, तो किसी ने उनकी आवाज को “झारखंड की आत्मा” बताया।
CM ने सुनीं जनता की बातें
सिर्फ संवेदनाएँ ही नहीं, CM हेमंत सोरेन ने हर आने वाले से संवाद किया। गांव की समस्याओं, विकास कार्यों और प्रशासनिक मुद्दों पर खुलकर चर्चा हुई। उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारियों को कई मामलों में तुरंत कार्रवाई के निर्देश दिये और कहा, “गुरुजी की विचारधारा के मुताबिक जनता की सेवा और उनकी तकलीफ दूर करना सरकार की सर्वोच्च जिम्मेदारी है।” CM ने कहा, “गुरुजी के दिखाये रास्ते पर चलना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी। हम उनके अधूरे सपनों को पूरा करने के लिए लगातार प्रयास करते रहेंगे।” आज नेमरा की हवा, लोगों के आंसू और दिलों में उमड़ा प्यार
सब गवाही दे रहे थे कि गुरुजी चले गये, पर उनकी आत्मा यहीं है, हर धड़कन में, हर संघर्ष में।








