Ranchi : राजधानी रांची के नगड़ी थाना क्षेत्र में शनिवार को फायरिंग की वारदात से सनसनी फैल गई। नगड़ी रेलवे फाटक के पास मनीषा नाम की युवती को अज्ञात अपराधियों ने पीछे से गोली मार दी। जानकारी के मुताबिक, मनीषा घर लौट रही थी तभी अचानक पीछे से गोली चला दी गई। गंभीर रूप से घायल युवती को अस्पताल भेजा गया, जहां उसकी स्थिति चिंताजनक बताई जा रही है। गोली किसने और क्यों मारी, खबर लिखे जाने तक इस बात का पता नहीं चल पाया था। पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई है। घटनास्थल से खोखा बरामद करने और CCTV फुटेज खंगालने की कार्रवाई चल रही है।
अब तक के अनुसंधान के मुताबिक मनीषा कटहल मोड़ स्थित एक दवा दुकान में काम करती है। शनिवार रात ड्यूटी खत्म कर वह अपनी सहेली के साथ स्कूटी से घर लौट रही थी। घर से कुछ ही दूरी पर स्कूटी से उतरते ही बाइक सवार एक युवक ने पीछे से उस पर गोली चला दी और मौके से फरार हो गया। गोली मनीषा की पीठ में लगी है। परिवार ने बताया कि कुछ ही दिनों में मनीषा की शादी है और घर में तैयारियां चल रही थीं। लेकिन वारदात ने पूरे परिवार को सदमे में डाल दिया है। रांची ग्रामीण एसपी प्रवीण पुष्कर ने बताया कि पुलिस घटना की जांच में जुटी है। अपराधी की पहचान और गिरफ्तारी के लिए टीम लगाई गई है। शुरुआती जांच में प्रेम-प्रसंग से जुड़े एंगल पर भी पुलिस काम कर रही है। फिलहाल मनीषा बेहोश है, जिससे उसका बयान दर्ज नहीं हो पाया है। पुलिस को उम्मीद है कि जल्द ही आरोपी गिरफ्तार होगा और गोलीकांड की असल वजह सामने आयेगी।






