Chouparan(Krishna Paswan) : सुबह की धूप अभी गांव की गलियों में पसरी भी नहीं थी कि चौपारण के दनुआ में ज़िंदगी की किताब का एक मासूम पन्ना हमेशा के लिए फट गया। सिलोदर (बनिवाटांड) का 13 साल का सिंटू कुमार यादव जो कक्षा 7 का छात्र था, आंखों में ट्यूशन से लौटकर कुछ बनने का सपना लिए सड़क पार कर रहा था। पर किसे पता था कि तकदीर उस रोज उसकी राह नहीं, उसका अंत देख रही थी।
एक तेज रफ्तार फोर व्हीलर (BR02AU 7808) ने उसे यूं रौंद डाला, जैसे किसी नाजुक कली को आंधी ने मसल दिया हो। NHAI की एंबुलेंस आई… उसे चौपारण स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया… पर ज़िंदगी तब तक उसका साथ छोड़ चुकी थी। डॉक्टरों ने मौत की मोहर लगा दी। घटना सुबह 8:30 बजे की है। वह दनुआ उत्क्रमित प्लस टू उच्च विद्यालय का छात्र था। इस खबर के बाद घर में कोहराम मच गया है। मां की आंखों में सूखा रोदन, पिता सुजीत यादव की दुनिया वीरान… और गांव की हवा में आज भी उस बच्चे के ख्वाबों की खुशबू तैर रही है, जिसे एक बेपरवाह वाहन निगल गया।












