Ranchi : रांची ने रविवार को एक बार फिर बता दिया कि यहां सिर्फ क्रिकेट नहीं, फुटबॉल भी दिलों पर राज करता है। बिरसा मुंडा फुटबॉल स्टेडियम में 135वें डूरंड कप का पहला क्वार्टरफाइनल शुरू होते ही पूरा इलाका फुटबॉल के रंग में रंग गया। इस खास मुकाबले का उद्घाटन झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने किया। इस दौरान कई अन्य अधिकारी और गणमान्य लोग भी मौजूद रहे। रांची के लिये यह डूरंड कप 2026 का आखिरी मुकाबला है। इस सीजन में शहर ने पहली बार इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट की मेजबानी की है। बिरसा मुंडा स्टेडियम में लीग चरण के मुकाबलों के बाद अब क्वार्टरफाइनल की बारी आई है। यह क्वार्टरफाइनल मैच Sporting Club Delhi एवं FC Raengdai के बीच खेला जा रहा है। दोनों टीमें मैदान पर अपना सब कुछ झोंकने के लिए तैयार हैं। Sporting Club Delhi पहली बार डूरंड कप के क्वार्टरफाइनल में पहुंची है, जबकि FC Raengdai ने भी ग्रुप चरण में शानदार प्रदर्शन करते हुए नॉकआउट में जगह बनाई है।
मैच शुरू होने से पहले ही भर गया स्टेडियम
रविवार को माहौल कुछ अलग ही था। मुकाबला शुरू होने से पहले ही स्टेडियम के लगभग सभी स्टैंड दर्शकों से भर गये। ढोल-नगाड़ों की आवाज के बीच फैंस अपनी-अपनी टीम के समर्थन में नारे लगाते नजर आये। कोई तिरंगा लहराता दिखा तो कोई टीम की जर्सी में जोश भरता नजर आया। कई दर्शक तो संगीत और ढोल की थाप पर नाचते हुये भी दिखे। बिरसा मुंडा स्टेडियम में उस वक्त ऐसा माहौल था, जैसे रांची ने फुटबॉल को अपना सबसे बड़ा त्योहार बना लिया हो।
क्रिकेट के शहर में फुटबॉल का भी जलवा
रांची में क्रिकेट को लेकर फैंस की दीवानगी किसी से छिपी नहीं है। लेकिन रविवार को फुटबॉल के लिये उमड़ा जुनून भी कम नहीं था। स्टेडियम की हर सीट से आती आवाजें बता रही थीं कि झारखंड की धरती पर फुटबॉल की जड़ें कितनी गहरी हैं। डूरंड कप के लिये रांची का यह पहला सीजन है और शहर में मुकाबलों के दौरान लगातार दर्शकों का उत्साह देखने को मिला है। अब क्वार्टरफाइनल ने इस जुनून को और ऊंचाई दे दी।
Warriors of today’s match.
Watch live on @SonySportsNetwk & @SonyLIV #SCDFCR #135thEditionofIndianOilDurandCup #PoweredbySBIandCIL #DeshKaCup #ManyChampionsOneLegacy pic.twitter.com/lgxexFGf6P
— Durand Cup (@thedurandcup) August 16, 2026








