Kohramlive : 13 सितंबर को दिल्ली में क्रिकेट मैच के साथ ट्रैफिक की चुनौती भी रहेगी। BRICS Summit के बीच अरुण जेटली स्टेडियम में भारत-अफगानिस्तान के पहले T20 मुकाबले को लेकर दिल्ली पुलिस ने ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है। दोपहर 2 बजे से स्टेडियम और आसपास के इलाकों में प्रतिबंध और रूट डायवर्जन लागू होंगे। मैच शाम 7 बजे शुरू होगा और रात करीब 11:30 बजे तक चलने की संभावना है। पुलिस ने लोगों से मैच क्षेत्र में गैर-जरूरी यात्रा से बचने और वैकल्पिक मार्ग अपनाने की अपील की है। बहादुर शाह जफर मार्ग, डीडीयू मार्ग, जेएलएन मार्ग, मीरदर्द चौक और आसपास के इलाकों में ट्रैफिक प्रभावित हो सकता है। वाहन चालकों को डायवर्जन के संकेतों और पुलिसकर्मियों के निर्देशों का पालन करना होगा।
स्टेडियम के आसपास सामान्य पार्किंग बंद
स्टेडियम के आसपास सामान्य पार्किंग की अनुमति नहीं होगी। माता सुंदरी रोड, राजघाट पावर हाउस रोड और वेलोड्रोम रोड पर पार्क एंड राइड की सुविधा उपलब्ध रहेगी। नियम तोड़ने वाले वाहनों को हटाया भी जा सकता है। ऐप आधारित कैब के लिए गेट नंबर-2 और राजघाट चौक पर पिक-अप और ड्रॉप-ऑफ पॉइंट तय किये गये हैं। पुलिस ने दर्शकों से निर्धारित प्रवेश और पार्किंग व्यवस्था का ही इस्तेमाल करने की अपील की है।







