UP : कसारी-मसारी कब्रिस्तान में शनिवार को माहौल गमगीन था। बड़ी संख्या में लोग अतीक अहमद के सबसे छोटे बेटे अबान अहमद के जनाजे में शामिल होने पहुंचे। अबान को नम आंखों के बीच सुपुर्द-ए-खाक कर दिया गया। जनाजे में शामिल होने के लिये जेल में बंद अबान के भाई उमर अहमद और अली अहमद को अदालत से अनुमति मिली थी। जैसे ही उमर भारी सुरक्षा के बीच कब्रिस्तान पहुंचा, वहां मौजूद भीड़ बेकाबू हो गई। उमर के कब्रिस्तान पहुंचते ही समर्थकों की भारी भीड़ ने बैरिकेडिंग तोड़ दी और बड़ी संख्या में लोग अंदर प्रवेश कर गये। अचानक बढ़ी भीड़ को नियंत्रित करने में पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ी। स्थिति संभालने के लिये पुलिस ने हल्का बल प्रयोग भी किया। सुरक्षा व्यवस्था बनाये रखने के लिये बड़ी संख्या में पुलिस बल मौके पर तैनात रहा।
भाइयों की मुलाकात ने माहौल को कर दिया भावुक
कब्रिस्तान में अली और उमर वैन से नीचे उतरे। दोनों भाइयों की नजरें जैसे ही एक-दूसरे से मिलीं, भावनाएं बांध तोड़कर बाहर आ गईं। दोनों एक-दूसरे को देखकर फूट-फूटकर रो पड़े। गम के इस पल ने वहां मौजूद लोगों को भी भावुक कर दिया। अबान के अंतिम संस्कार के बाद अली और उमर ने अपनी बुआ परवीन कुरैशी से भी मुलाकात की। यहां याद दिला दें कि अबान अहमद अपने भाई अली अहमद से मिलने झांसी जिला जेल जा रहा था। बताया गया कि जेल में मुलाकात के लिये उसने पहले से पर्ची भी कटवा रखी थी। इसी दौरान झांसी-कानपुर हाईवे पर पूंछ थाना क्षेत्र के खिल्ली गांव के पास उसकी कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही परिवार और रिश्तेदार झांसी के लिये रवाना हो गये। अतीक अहमद के परिवार पर बीते वर्षों में एक के बाद एक दुखद घटनाएं हुई हैं। परिवार के बड़े बेटे उमर अहमद और अली अहमद जेल में बंद हैं। तीसरे बेटे असद की पुलिस मुठभेड़ में मौत हो चुकी है।वहीं चौथा बेटा अहजम जेल से बाहर है, जबकि सबसे छोटे बेटे अबान की सड़क हादसे में मौत हुई।















