Ranchi : झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमिटी ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू के उस बयान पर प्रतिक्रिया दी है, जिसमें उन्होंने कांग्रेस को राम मंदिर के मुद्दे पर बोलने का नैतिक अधिकार नहीं होने की बात कही थी। कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता विजय शंकर नायक ने इसे दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुये कहा कि भगवान श्रीराम किसी एक राजनीतिक दल की संपत्ति नहीं हैं। उन्होंने कहा कि “राम सबके हैं, इसलिये राम के नाम पर मिले जनसहयोग और चंदे की राशि को लेकर पारदर्शिता की मांग करना हर नागरिक का अधिकार है।” विजय शंकर नायक ने कहा कि भाजपा को नैतिकता का प्रमाणपत्र बांटने के बजाय जनता के सवालों का जवाब देना चाहिये। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में सवाल पूछना अपराध नहीं, बल्कि जनता का संवैधानिक अधिकार है। राम भारत की सांस्कृतिक चेतना, मर्यादा और न्याय के प्रतीक हैं। किसी भी राजनीतिक दल को यह अधिकार नहीं है कि वह राम के नाम पर सवाल उठाने वालों की आस्था या देशभक्ति पर सवाल खड़ा करे।
चंदे और वित्तीय पारदर्शिता पर उठाये सवाल
कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा कि राम मंदिर निर्माण के लिये देश-विदेश के श्रद्धालुओं से बड़ी मात्रा में सहयोग राशि प्राप्त हुई है। ऐसे में वित्तीय पारदर्शिता और सार्वजनिक लेखा-जोखा लोकतांत्रिक व्यवस्था की स्वाभाविक मांग है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2021 में अयोध्या में कुछ भूमि खरीद-बिक्री को लेकर विवाद सामने आये थे। विपक्षी दलों और सामाजिक संगठनों ने उस समय जांच की मांग की थी, जबकि संबंधित ट्रस्ट ने आरोपों का खंडन किया था। नायक ने कहा कि ऐसे मामलों में तथ्यों के आधार पर जानकारी सामने रखना जनता के विश्वास को मजबूत करता है। विजय शंकर नायक ने भाजपा से मांग की कि यदि पार्टी वास्तव में पारदर्शिता और जवाबदेही में विश्वास करती है तो राम मंदिर निर्माण से जुड़े वित्तीय विवरण, प्रमुख अनुबंध, खर्च का ब्योरा, ऑडिट संबंधी जानकारी को सार्वजनिक करने की व्यवस्था का समर्थन करे।
इसे भी पढ़ें : पानी की बोतल खरीदने से पहले जरूर चेक करें ये 5 चीजें…
इसे भी पढ़ें : IED ब्लास्ट में जवान शहीद, सर्च ऑपरेशन शुरू…
इसे भी पढ़ें : पंजाबी हिंदू बिरादरी महिला मंच को मिली नई कमान…
इसे भी पढ़ें : ट्रेन में तकिया, तौलिया चुराने में दूसरे नंबर पर रांची…
इसे भी पढ़ें : रांची पुलिस का वार, 4 अरेस्ट…








