Dhanbad : धनबाद की सुबह अब और ज्यादा सतर्क होने वाली है। शहर की हर गली, हर सोसाइटी और हर चौक-चौराहे पर अब सुरक्षा का एक नया जाल बुना जा रहा है। इस बदलाव का सूत्रधार बने हैं बोकारो प्रक्षेत्र के IG डॉ. माइकल राज एस। जिन्होंने धनबाद के रेजिडेंशियल सोसाइटी एसोसिएशन के साथ एक अहम बैठक कर समाज के सहयोग से बेहतर पुलिसिंग का नया रोडमैप तैयार किया है। बैठक की शुरुआत में ही उन्होंने स्पष्ट कर दिया कि हर अपार्टमेंट में गार्ड, नौकर-चाकर, किरायेदार और ड्राइवर का पुलिस वेरिफिकेशन अनिवार्य होगा। वहीं, हर अपार्टमेंट में CCTV कैमरे लगाना और विजिटर रजिस्टर रखना भी अब जरूरी होगा। इस पहल से सुरक्षा को लेकर सतर्कता बढ़ेगी और किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत कार्रवाई संभव होगी। बैठक में धनबाद के SSP हृदीप पी. जनार्दनन, रूरल SP कपिल चौधरी, DSP डी.एन. बंका, DSP नौशाद आलम, DSP शंकर कामती, थानेदार राम नारायण ठाकुर और नूतन मोदी सहित धनबाद के कई गणमान्य नागरिक मौजूद थे।
सुरक्षा के नये नियम, हर किसी को अपनाना होगा
- किरायेदारों का पूरा बैकग्राउंड चेक – मकान मालिक को अब किरायेदार की पूरी जानकारी लेनी होगी।
- डिजिटल अपराधों से सतर्कता – साइबर क्राइम से बचने के लिए 1930 पर सूचना दें और चक्षु वेबसाइट पर शिकायत करें।
- डायल 112 – हर संकट की घड़ी में मदद – कोई भी आपात स्थिति हो, तो तुरंत पुलिस हेल्पलाइन पर संपर्क करें।
- सीसीटीवी अनिवार्य – दुकान, मकान, सोसाइटी और गोदामों में अब सीसीटीवी लगाना अनिवार्य होगा।
- अकेले रहने वाले बुजुर्गों की सुरक्षा – पुलिस को उनकी जानकारी देना जरूरी होगा।
- नाबालिग बच्चों का वाहन चलाना अपराध – अभिभावक और वाहन मालिक पर होगी कानूनी कार्रवाई।
ट्रैफिक सिस्टम में बड़ा बदलाव
- प्रमुख चौक-चौराहों पर AI कैमरे – अब नियम तोड़ने वालों को कैमरे से पकड़कर ऑटोमैटिक चालान भेजा जायेगा।
- गर्ल्स कॉलेज और स्कूलों के बाहर विशेष सुरक्षा – लड़कियों की सुरक्षा के लिए नये उपाय लागू होंगे।






