Kohramlive : भारतीय क्रिकेट में एक बड़े बदलाव की आहट सुनाई दे रही है। जिस खिलाड़ी ने हाल तक टीम इंडिया की T20 कमान संभाली, अब उसी की टीम में जगह पर सवाल उठने लगे हैं। कल यानि शनिवार को होने वाली चयन समिति की बैठक में कई बड़े फैसले लिये जा सकते हैं और सबसे ज्यादा चर्चा सूर्यकुमार यादव को लेकर है। मुख्य चयनकर्ता अजीत अगरकर की अगुआई में होने वाली बैठक में आयरलैंड और इंग्लैंड दौरे के अलावा जापान में होने वाले एशियाई खेलों के लिये भारतीय टीम का चयन किया जायेगा। क्रिकेट गलियारों में चर्चा है कि T20 टीम की कमान अब श्रेयस अय्यर के हाथों में सौंपी जा सकती है।
कप्तानी के साथ टीम से भी हो सकती है छुट्टी
एक समय टी20 क्रिकेट के सबसे भरोसेमंद बल्लेबाज माने जाने वाले सूर्यकुमार यादव के लिये हालात आसान नहीं दिख रहे हैं। पिछले कुछ महीनों से उनका बल्ला खामोश है और यही वजह है कि अब केवल कप्तानी ही नहीं, बल्कि उनकी टीम में जगह भी खतरे में बताई जा रही है। हालांकि उनकी कप्तानी में भारत ने टी20 विश्व कप खिताब बरकरार रखा था, लेकिन चयनकर्ता भविष्य की टीम तैयार करने के मूड में नजर आ रहे हैं।
श्रेयस अय्यर क्यों हैं सबसे मजबूत दावेदार?
31 साल के श्रेयस अय्यर का नाम इस वक्त सबसे आगे चल रहा है। IPL में उनकी कप्तानी का रिकॉर्ड उनके पक्ष में खड़ा दिखाई देता है। दिल्ली कैपिटल्स, कोलकाता नाइट राइडर्स और पंजाब किंग्स जैसी तीन अलग-अलग टीमों को फाइनल तक पहुंचाने वाले वह पहले कप्तान हैं। 2024 में उनकी कप्तानी में केकेआर ने खिताब भी जीता था। सबसे खास बात यह रही कि कप्तानी के दबाव के बावजूद उनकी बल्लेबाजी पर कभी असर नहीं पड़ा। इसी वजह से चयनकर्ताओं का भरोसा श्रेयस पर बढ़ता दिख रहा है।
तिलक वर्मा को मिल सकती है बड़ी जिम्मेदारी
मुंबई इंडियंस के युवा बल्लेबाज तिलक वर्मा की किस्मत भी चमक सकती है। माना जा रहा है कि उन्हें टी20 टीम का उपकप्तान बनाया जा सकता है। वहीं क्रिकेट जगत की नई सनसनी बने 15 साल के वैभव सूर्यवंशी को पहली बार सीनियर भारतीय टीम में मौका मिलने की संभावना है। अगर ऐसा होता है तो यह युवा खिलाड़ी के करियर का सबसे बड़ा पड़ाव होगा।
दो टीमों का होगा ऐलान
चयन समिति ब्रिटेन दौरे और एशियाई खेलों के लिये अलग-अलग टीमों का चयन कर सकती है। सितंबर-अक्तूबर में जापान में होने वाले एशियाई खेलों के लिये BCCI मजबूत टीम उतारने के मूड में है। खबर है कि एशियाई खेलों की टीम की कप्तानी तिलक वर्मा को सौंपी जा सकती है, जबकि वैभव सूर्यवंशी भी उस टीम का हिस्सा बन सकते हैं।
नये सितारों की एंट्री, भुवी की वापसी पर भी नजर
तेज गेंदबाज प्रिंस यादव और बाएं हाथ के स्पिनर हर्ष दुबे जैसे युवा खिलाड़ियों को भी मौका मिल सकता है। दोनों ने घरेलू क्रिकेट और हालिया मुकाबलों में चयनकर्ताओं का ध्यान खींचा है। उधर अनुभवी तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार की वापसी पर भी सबकी नजर है। 36 साल की उम्र में भी उन्होंने IPL में 28 विकेट लेकर साबित किया कि उनमें अभी काफी क्रिकेट बाकी है। इंग्लैंड की स्विंग भरी परिस्थितियां उनके अनुभव को टीम के लिये बेहद उपयोगी बना सकती हैं।
इसे भी पढ़ें : भारत के इन इलाकों में अचानक भूकंप के तेज झटकों से दहशत…
इसे भी पढ़ें : ड्रग्स माफियाओं के बारे में सूचना दीजिये, लाखों का ईनाम सरकार देगी।। मुखबिर पर हमला हुआ तो 20 लाख तक मुआवजा
इसे भी पढ़ें : ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान बना आकर्षण का केंद्र…
इसे भी पढ़ें : वांटेड ‘बल्लू’ बंगाल में धरा गया…
इसे भी पढ़ें : ब्रेकअप की कड़वाहट में ऑफिस में घुसकर मा’र डाला युवती को…









