Kohramlive : आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में स्ट्रोक एक खामोश लेकिन जानलेवा खतरे की तरह बढ़ता जा रहा है। पहले इसे बुज़ुर्गों की बीमारी माना जाता था, लेकिन अब कम उम्र के लोग भी इसकी चपेट में आ रहे हैं। डॉक्टर कहते हैं कि स्ट्रोक अचानक नहीं आता, शरीर पहले ही कई संकेत देने लगता है, बस उन्हें पहचानना जरूरी है। पुरुषों में अक्सर चेहरा टेढ़ा होना, बोलने में लड़खड़ाहट या एक तरफ कमजोरी जैसे साफ लक्षण दिखते हैं। लेकिन महिलाओं में संकेत हल्के और सामान्य लगते हैं, जिन्हें अक्सर तनाव, थकान या गैस की समस्या समझकर नजरअंदाज कर दिया जाता है। यही लापरवाही जानलेवा साबित हो सकती है। महिलाओं में स्ट्रोक के 7 अहम शुरुआती लक्षण होते हैं, जैसे, असामान्य और बेहद ज्यादा थकान, अचानक इतनी थकान कि छोटे-छोटे काम भी मुश्किल लगने लगें। कई महिलाएं इसे काम का बोझ या तनाव समझकर नजरअंदाज कर देती हैं। बिना वजह जी मिचलाना या उल्टी होना, अचानक चक्कर, मतली या उल्टी आना स्ट्रोक का संकेत हो सकता है। इसे अक्सर फूड पॉइजनिंग या कमजोरी समझ लिया जाता है। वहीं, पूरे शरीर में अजीब कमजोरी महसूस होती है। सिर्फ एक तरफ नहीं, बल्कि पूरे शरीर में भारीपन और सुस्ती महसूस होना। यह लक्षण स्ट्रोक को पहचानना और भी मुश्किल बना देता है। सीने में दर्द और सांस लेने में परेशानी हो सकती है। कई महिलाओं को सीने में जकड़न और सांस फूलने जैसा महसूस होता है। इसे अक्सर हार्ट या एंग्जायटी की समस्या समझ लिया जाता है। लगातार अचानक सामान्य लगने वाली हिचकी भी कभी-कभी ब्रेन से जुड़े स्ट्रोक का संकेत हो सकती है। खासकर अगर इसके साथ मतली या सीने में बेचैनी भी हो। अचानक बहुत तेज सिरदर्द, जो दवा या आराम से भी ठीक न हो। इसे कई बार माइग्रेन समझकर अनदेखा कर दिया जाता है। वहीं, एक या दोनों आंखों से कम दिखना, धुंधलापन या चीजों को पहचानने में दिक्कत होना। यह दिमाग के विज़ुअल हिस्से पर असर का संकेत हो सकता है।
हर मिनट है कीमती
- स्ट्रोक के मामले में “गोल्डन आवर” बेहद अहम होता है।
- लक्षण दिखते ही तुरंत अस्पताल पहुंचना जान बचा सकता है और स्थायी नुकसान से बचाव कर सकता है।
स्ट्रोक से बचने के आसान उपाय
- ब्लड प्रेशर, शुगर और कोलेस्ट्रॉल को नियंत्रण में रखें।
- नियमित व्यायाम और संतुलित आहार लें।
- धूम्रपान और शराब से दूरी बनाएं।
- तनाव कम करें और पर्याप्त नींद लें।
- किसी भी असामान्य लक्षण को हल्के में न लें।






