Khunti : खूंटी में पुलिस को नक्सल मोर्चे पर बड़ी सफलता मिली है। खूंटी थाना पुलिस ने प्रतिबंधित नक्सली संगठन PLFI (पीपुल्स लिबरेशन फ्रंट ऑफ इंडिया) से जुड़े चार सक्रिय सदस्यों समेत एक अन्य अपराधी को हथियारों के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से लोडेड देसी पिस्तौल, जिंदा कारतूस, मैगजीन, बाइक, स्कूटी और सिग्नल एप के जरिये संचालित नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। गिरफ्तार संदेही गुनहगारों में पवन लोहरा, विक्की लोहरा, अर्जुन लोहरा और अर्पित केरकेट्टा शामिल हैं। एक अन्य मामले में सागर मुंडा को भी लोडेड पिस्तौल के साथ गिरफ्तार किया गया है। खूंटी SP मनीष कुमार टोप्पो ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि नक्सली खूंटी शहर के उरांव टोली स्थित सरकारी स्कूल के पास किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की फिराक में हैं। इस सूचना के आधार पर DSP वरुण रजक के नेतृत्व में विशेष छापेमारी टीम गठित की गई। टीम ने सरकारी स्कूल के पास एक घर में छापेमारी कर चारों नक्सलियों को गिरफ्तार कर लिया।
रांची गोलीकांड और लेवी वसूली में शामिल
गिरफ्तार अपराधियों ने पूछताछ में स्वीकार किया है कि उन्होंने तुपुदाना क्षेत्र में हिंदुस्तान टाइल्स और मंटू साव पर गोलीबारी की थी, जिससे क्षेत्र में दहशत फैलाकर लेवी की मांग की जा सके। ये सभी सिग्नल ऐप (एक एंड-टू-एंड एन्क्रिप्टेड मैसेजिंग ऐप) के जरिये फरार नक्सली पंचम लोहरा के संपर्क में थे। पंचम लोहरा, 15 लाख के इनामी और जेल में बंद कुख्यात नक्सली मार्टिन केरकेट्टा के साथ मिलकर रांची और खूंटी क्षेत्र में लेवी वसूलने की गतिविधियों में सक्रिय था।
हथियार के साथ सागर मुंडा गिरफ्तार
इसी दौरान खूंटी पुलिस ने एक अलग मामले में बाजार टांड़ से सागर मुंडा को भी हथियार के साथ गिरफ्तार किया। सागर समेत तीन लोग इलाके में हथियार दिखाकर रंगदारी की मांग कर रहे थे। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई कर सागर को दबोच लिया, जबकि दो आरोपी फरार हो गये। SP ने बताया कि फरार आरोपियों की पहचान कर ली गई है और जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया जायेगा।
छापेमारी टीम में शामिल अधिकारी
DSP वरुण रजक
प्रशिक्षु DSP राम प्रवेश
थानेदार मोहन कुमार
सब इंस्पेक्टर सीताराम दांगी
मंटू कुमार, अरुण कुमार, मणिदीप, चंदन कुमार
विकास कुमार, अमित मार्डी, ऑगस्टिन लुगुन
खूंटी थाना के सशस्त्र बल
नक्सल नेटवर्क को लगा बड़ा झटका
SP मनीष टोप्पो ने बताया कि इन गिरफ्तारियों से PLFI के शहरी नेटवर्क को बड़ा झटका लगा है। पुलिस पूरे नेटवर्क को खंगाल रही है और संगठन के अन्य सदस्यों की भी तलाश जारी है।
बरामद सामान में
2 लोडेड देसी पिस्तौल
10 जिंदा कारतूस
2 लोडेड मैगजीन
1 बाइक, 1 स्कूटी
1 मोबाइल, 1 चाकू शामिल हैं।





