Ranchi : राजधानी रांची में एक डॉक्टर को फोन की घंटियां उस रात चैन से सोने नहीं दे रही थीं। एक-दो नहीं, बल्कि 42 बार कॉल और मिस्ड कॉल और हर बार एक ही मांग, 5 करोड़ रुपये दो, वर्ना गोली मार देंगे। रांची के अशोक नगर इलाके में रहनेवाले डॉक्टर दुर्गा चरण सिन्हा ने पुलिस से शिकायत कर दी। अरगोड़ा पुलिस को बताया गया कि उन्हें लगातार फोन कर 5 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी जा रही है। लगातार आती कॉल और धमकियों ने पूरे मामले को बेहद गंभीर बना दिया। शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपी ने पहले डॉक्टर से उनकी पैतृक जमीन खरीदने के बहाने संपर्क किया था। बातचीत आगे बढ़ी तो कहानी ने अचानक खतरनाक मोड़ ले लिया। जमीन की चर्चा के बजाय डॉक्टर से 5 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी जाने लगी और रकम नहीं देने पर जान से मारने की धमकी दी गई।
कॉल डिटेल से लोकेशन तक, पुलिस ने जोड़ी कड़ियां
शिकायत मिलते ही पुलिस ने कॉल डिटेल और दूसरे तकनीकी साक्ष्यों को खंगालना शुरू किया। जांच आगे बढ़ी तो मोबाइल लोकेशन ने पुलिस को लोहरदगा तक पहुंचा दिया। इसके बाद पुलिस टीम ने लोहरदगा में छापेमारी की और मुख्य आरोपी दीपू को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार दीपू ने पुलिस को कई चौंकाने वाली जानकारी दे दी है। मिले इनपुट पर पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है।







