Kohramlive : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा 22 अक्टूबर 2022 को शुरू किये गये रोजगार मेला अभियान के तहत अब तक देशभर में 11 लाख युवाओं को सरकारी नौकरी मिली है। इसी क्रम में आज 24 अक्टूबर को 17वां रोजगार मेला आयोजित किया गया। रांची सहित देश के 40 स्थानों पर हुये इस मेले में 51 हजार से अधिक युवाओं को नियुक्ति पत्र बांटे गये। रांची के डोरंडा स्थित शौर्य सभागार में आयोजित समारोह में केंद्रीय रक्षा राज्यमंत्री संजय सेठ, विधायक सी.पी. सिंह और डाक विभाग के कई अधिकारी उपस्थित थे।
कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से युवाओं को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि यह सिर्फ नौकरी नहीं, बल्कि राष्ट्र सेवा का अवसर है। PM मोदी ने कहा, त्योहारों के बीच पक्की नौकरी मिलना डबल खुशी की बात है। रांची में 187 युवाओं को नियुक्ति पत्र प्रदान किये गये। इनमें कई युवाओं को डाक विभाग, रेल मंत्रालय, गृह मंत्रालय, वित्त सेवा, कोल इंडिया लिमिटेड, ओएनजीसी और गैस अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड (GAIL) जैसी सरकारी संस्थाओं में नियुक्ति मिली है। केंद्रीय मंत्री संजय सेठ ने कहा कि तीन वर्षों में 11 लाख युवाओं को नौकरी देकर PM मोदी ने अपना वादा निभाया है। उन्होंने यह भी कहा कि GST में बदलाव और बढ़ती खपत से रोजगार के नये अवसर उत्पन्न हो रहे हैं। नियुक्ति पत्र पाकर युवाओं में खुशी और उत्साह की लहर देखने को मिली। कई अभ्यर्थियों ने कहा कि रोजगार मेले ने उन्हें आसानी से नौकरी पाने का अवसर दिया और अब वे देश की सेवा के लिये तत्पर हैं।












