Bihar : बिहार की राजधानी पटना में पुलिस महकमे के भीतर बड़ा प्रशासनिक बदलाव किया गया है। पुलिस व्यवस्था को चुस्त-दुरुस्त बनाने और कार्यालयों में कामकाज की गति बढ़ाने के लिये SSP कार्तिकेय शर्मा ने एक साथ 114 पुलिस पदाधिकारियों का तबादला कर दिया है। इस फेरबदल में पुलिस अवर निरीक्षक (SI) और सहायक पुलिस अवर निरीक्षक (ASI) स्तर के अधिकारी शामिल हैं। खास बात यह है कि जिन पदाधिकारियों ने अपने वर्तमान कार्यालय या प्रतिष्ठान में दो साल की निर्धारित अवधि पूरी कर ली थी, उन्हें कार्यहित में दूसरे स्थानों पर भेजा गया है। SSP की ओर से जारी आदेश के मुताबिक, पटना जिला बल के विभिन्न कार्यालयों और प्रतिष्ठानों में दो साल की अवधि पूरी कर चुके 114 पुलिस पदाधिकारियों का स्थानांतरण किया गया है। इस प्रशासनिक फेरबदल का उद्देश्य अलग-अलग शाखाओं में जिम्मेदारियों का नया बंटवारा करना और पुलिस कार्यालयों की कार्यप्रणाली को बेहतर बनाना है।
बिक्रम-बिहटा से लेकर अपराध शाखा तक बदली तैनाती
तबादले की जद में पटना पुलिस के कई महत्वपूर्ण कार्यालय और शाखायें आई हैं। इनमें प्रमुख रूप से अंचल निरीक्षक कार्यालय, बिक्रम और बिहटा, CCTNS शाखा, ALTF, लेखा शाखा, अभियोजन कोषांग, बल शाखा, अपराध शाखा, गोपनीय शाखा, DCB शाखा। इन कार्यालयों में तैनात SI और ASI स्तर के पदाधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।SSP कार्तिकेय शर्मा ने स्थानांतरित सभी पुलिस पदाधिकारियों को तत्काल अपने नये कार्यस्थल पर योगदान देने का निर्देश दिया है। आदेश के बाद संबंधित कार्यालयों और शाखाओं में नई तैनाती के अनुसार कामकाज की व्यवस्था लागू होगी।









