Ranchi : झारखंड के हर प्रखंड में नये कौशल केंद्र खोले जायेंगे, ताकि सुदूर गांवों के नौजवानों को रोजगार की तलाश में शहरों की खाक न छाननी पड़े। यह ऐलान श्रम, नियोजन एवं प्रशिक्षण मंत्री संजय प्रसाद यादव ने शुक्रवार को राजधानी रांची में किया। मौका था झारखंड कौशल विकास मिशन सोसाइटी (JSDMS) के बैनर तले आयोजित ‘झारखंड कौशल उत्कर्ष’ के भव्य समापन समारोह का। मंच से मंत्री ने साफ कहा कि अब प्रशिक्षण युवाओं के पास जायेगा, युवा प्रशिक्षण के पीछे नहीं।
अब ये 39 सितारे देश–दुनिया में चमकेंगे
मंत्री संजय प्रसाद यादव ने झारखंड कौशल उत्कर्ष के 39 विजेताओं को सम्मानित करते हुये कहा कि आप सिर्फ राज्य के विजेता नहीं, बल्कि China में होने वाले India Skills Competition 2026 के लिये झारखंड के राजदूत हैं। मुझे पूरा भरोसा है कि आप राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंचों पर अपने हुनर का लोहा मनवायेंगे। उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता के स्वर्ण और रजत पदक विजेता अगले महीने ओडिशा, कर्नाटक और तमिलनाडु में होने वाले अगले राउंड में भाग लेंगे। वहां से चयनित प्रतिभागी चीन में आयोजित विश्व स्तरीय प्रतियोगिता में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे।
JSDMS बना युवाओं का सच्चा सारथी
मंत्री ने कहा कि आज का दिन झारखंड के कौशल इतिहास में स्वर्णिम अध्याय है। JSDMS राज्य के युवाओं को हुनरमंद बनाने और उन्हें रोजगार व स्व-रोजगार से जोड़ने का मजबूत माध्यम बन चुका है। कुशल युवाओं को रोजगार की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिये विभाग ने कई प्रतिष्ठित संस्थानों के साथ नये समझौता ज्ञापनों (MoUs) पर हस्ताक्षर किये हैं। इन साझेदारियों से झारखंड के प्रशिक्षित युवाओं के लिये देश ही नहीं, विदेशी कंपनियों में भी नौकरी के अवसर खुलेंगे। समारोह के दौरान रांची के उप-श्रमायुक्त-सह-जिला कौशल पदाधिकारी और उनकी पूरी टीम को कौशल प्रशिक्षण के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य और नवाचार के लिये मंत्री द्वारा विशेष रूप से सम्मानित किया गया। मंच से टीम के समर्पण, बेहतर प्रबंधन और परिणामोन्मुखी कार्यशैली की खुलकर सराहना हुई।










