Jamtara (Pintu Mandal) : बीती रात जीवन मंडल के घर में डकैतों ने कोहराम मचाया। 15 से 20 नकाबपोश हथियारबंद बदमाशों ने घर में डाका डाला। घर से करीब डेढ़ लाख रुपये कैश और लगभग 70 हजार के जेवरात लेकर बड़े आराम से सारे डकैत भाग निकले। डकैतों के हाथों में रिवाल्वर और तलवार थे। घर में मौजूद परिवार के सारे सदस्यों को एक कमरे में बंधक बना लिया गया। वहीं उन्हें हथियार का भय दिखाकर बोला कि हो-हल्ला किये तो गोली मार देंगे। यह वारदात जामताड़ा के नारायणपुर थाना क्षेत्र के लटैया गांव की है।
वारदात के समय जीवन मंडल के तीनों बेटे दुबराज, राम प्रसाद और मनोज मंडल एक शादी समारोह में शामिल होने गये हुए थे। घर में सिर्फ पापा जीवन मंडल, महिलाएं और बच्चे थे। डकैतों ने करीब एक घंटे तक घर में कोहराम मचाया। दस बक्से और अलमारी को तोड़कर उनमें रखे सारे कैश और जेवरात निकाल लिये। विरोध करने पर महिला सदस्य बिजली देवी के साथ मारपीट भी की गई। साथ ही बोला गया कि हो-हल्ला की तो गोली मार देंगे। बिजली के हाथों में चोट आई है। यहां याद दिला दें कि गुजरे दो दिन पहले सोमवार की रात भेलाटांड़ गांव के रहने वाले हराधन पंडित के घर में भी डकैती हुई थी। वहां बदमाश खुद को साइबर थाना का आदमी बताकर घर में घुसे थे। वहीं, 2 माह पहले रूप जी गांव में हीरालाल मंडल के घर में भी डकैती हुई थी। एक भी बदमाश अबी तक नहीं पकड़ा गया है।
डकैती की फैली खबर के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया। लगातार हो रहे डकैती से लोगों का गुस्सा उबाल पर आ गया। गुस्साए लोगों ने गिरिडीह-पांडेडीह मुख्य मार्ग को जाम कर दिया। सब की एक ही मांग… जल्द से जल्द डकैतों को सलाखों के पीछे भेजे पुलिस। कुछ लोगों का कहना था कि अपराधियों में पुलिस का जरा भी खौफ नहीं रहा। जब चाहा, जिसे चाहा, जहां चाहा, जो चाहा… कर डाला। इधर जीवन मंडल के घर हुए डकैती और सड़क जाम करने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। सारी घटना की जानकारी ली। वहीं, लोगों को समझा-बुझा कर शांत कराया।

इसे भी पढ़े : बच्चे को Cobra ने डंसा, खुद तड़प-तड़प कर तुरंत मर गया सांप















