Chouparan(Krishna Paswan) : चौपारण की बिगहा की पावन धरती आज एक अद्भुत आध्यात्मिक की साक्षी बनी। अखिल भारतीय चंद्रवंशी क्षत्रिय महासभा द्वारा आयोजित श्री श्री 1008 रुद्र यज्ञ महोत्सव का शुभारंभ हुआ, जहां श्रद्धा, भक्ति और परंपरा एक सुर में गूंज उठी। यज्ञ की पवित्र अग्नि प्रज्ज्वलित होते ही वातावरण में वेद मंत्रों की ध्वनि गूंज उठी और कलश यात्रा में उमड़ा जनसैलाब श्रद्धा की अविरल धारा बन गया। बरही विधायक मनोज कुमार यादव ने विधिपूर्वक इस धार्मिक आयोजन का शुभारंभ किया और स्वयं कलश यात्रा में शामिल होकर श्रद्धालुओं का हौंसला अफजाई किया। विधायक मनोज यादव ने कहा कि “यज्ञ केवल एक धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि सनातन संस्कृति की जीवनशैली है। इससे न केवल पर्यावरण शुद्ध होता है, बल्कि आत्मिक उन्नति भी होती है। यह आयोजन हमारी आस्था को मजबूत करता है और लोककल्याण का मार्ग प्रशस्त करता है। यज्ञ से शुद्ध होती है आत्मा और पावन होती प्रकृति।”
751 कलशधारी महिलाओं ने किया जल संग्रहण
गेरुये वस्त्रों में सजीं 751 महिलाएं कलश सिर पर धारण किये जब छठ तालाब शिव मंदिर से पवित्र जल लेकर चलीं, तो ऐसा लगा मानो स्वयं गंगा की लहरें इस पावन आयोजन में सम्मिलित हो गई हों। नगर के हर रास्ते से होकर गुजरती इस भव्य शोभायात्रा में भक्तों ने पुष्प वर्षा कर भक्ति को नमन किया। इस दौरान बिगहा, चतरा मोड़, बजरंग टोला, बस स्टैंड जैसे स्थानों पर श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। लोगों ने हाथ जोड़कर, दीप जलाकर और मंत्रोच्चारण के साथ इस अद्भुत नजारे का स्वागत किया। जैसे-जैसे दिन ढल रहा था, हवन कुंड से उठती सुगंधित धूप की लपटें आकाश को छूने लगीं। भजन-कीर्तन से पूरा माहौल भक्तिरस में डूब गया। जय भोलेनाथ! हर हर महादेव के जयकारे गूंजते रहे।
इस भव्य आयोजन में क्षेत्र के अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। प्रमुख रूप से संजय राणा, मुखिया संघ अध्यक्ष बिरेन्द्र रजक, पूर्व अध्यक्ष राजदेव यादव, जीप सदस्य राकेश रंजन, भाजपा नेता रमेश ठाकुर, विकास यादव आदि ने अपनी गरिमामयी उपस्थिति दर्ज कराई। यज्ञ समिति के महेंद्र चंद्रवंशी, सचिव करुणा चंद्रवंशी, समाज अध्यक्ष छत्रधारी चंद्रवंशी सहित सैकड़ों भक्त इस आयोजन की सफलता के लिये तन-मन से जुटे रहे।








