UP : कोर्ट में तारीख कर लौट रही 35 साल की मंजू की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई। वारदात बीती शाम फतेहाबाद के गांव सारंगपुर मार्ग पर हुई, जहां हमलावरों ने मंजू पर तीन गोलियां दागीं। परिजनों ने हत्या का इल्जाम मंजू के पति मनोज कुमार पर लगाया है, जो CRPF में तैनात है। मंजू अपने दो बच्चों के साथ मायके में रह रही थी और पति से भरण-पोषण का मुकदमा लड़ रही थी। हत्या के समय वह कोर्ट से तारीख कर लौट रही थी और पैदल घर जा रही थी, तभी यह वारदात हुई। उसके बच्चे 9 साल की मोहिनी और 7 साल का आरके मां की लाश से लिपटकर फूट-फूटकर रोते रहे। मोहिनी बार-बार बेहोश हो रही थी और होश में आते ही एक ही सवाल पूछती, “अब कौन हमारा ख्याल रखेगा?” उसकी यह मासूमियत वहां मौजूद हर किसी की आंखें नम कर गई।
परिजनों के मुताबिक, मंजू ने मजदूरी कर बच्चों की परवरिश की, एक छोटा प्लॉट भी खरीदा, लेकिन जमीन को लेकर भी विवाद हुये थे। करीब एक साल पहले ननद से झगड़ा हुआ था, मामला थाने तक पहुंचा था। हत्या से कुछ देर पहले मंजू ने बेटी को फोन कर बताया था कि उसका पति मनोज, चाचा और फूफा बाइक से पीछा कर रहे हैं। उसने कहा, “मैं जल्दी घर पहुंच रही हूं,” और फोन काट दिया। कुछ ही देर बाद उसकी लाश सड़क किनारे झाड़ियों में मिली। मंजू के पिता हरी सिंह ने बताया, “दामाद के किसी और महिला से संबंध हैं। उसने मंजू को घर से निकाल दिया था। कोर्ट में तारीख थी और उसी दिन धमकी दी गई थी ‘जिंदा नहीं छोड़ेंगे।’ हमें नहीं पता था कि वो सच कर देंगे।”
पुलिस ने घटनास्थल से तीन खोखे बरामद किये हैं। डीसीपी अली अब्बास ने बताया कि पोस्टमार्टम से मौत की स्थिति साफ होगी। पति व अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित कर दी गई हैं।








