Simdega : सिमडेगा के मुफस्सिल थाना क्षेत्र में नाबालिग किशोरी के गर्भवती होने और मृत शिशु को जन्म देने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की है। पुलिस ने गुड़िया देवी (40) को गिरफ्तार किया है। उसकी निशानदेही पर घर के आंगन से दफनाया गया मृत शिशु बरामद हुआ है। पुलिस ने कुदाल भी जब्त की है। पुलिस के अनुसार, 14 साल की किशोरी के गर्भवती होने की जानकारी उसकी मां को करीब 10 दिन पहले हुई थी। पूछताछ में एक नाबालिग लड़के की भूमिका सामने आई। किशोरी की मां का आरोप है कि लड़के की मां ने दोनों की शादी कराने की बात कही थी। 19 अगस्त को किशोरी ने बताया कि महिला ने कथित तौर पर गर्भपात के लिए उसे जड़ी-बूटी की दवा खिलाई थी और किसी को बताने से मना किया था। इसके बाद किशोरी ने करीब छह माह के मृत शिशु को जन्म दिया।इल्जाम है कि गुड़िया देवी मृत शिशु को अपने साथ ले गई और घर के आंगन में दफना दिया। इस दौरान किसी को सूचना नहीं दी गई। किशोरी की तबीयत बिगड़ने पर परिजनों ने 22 अगस्त को सदर अस्पताल में भर्ती कराया। इसके बाद मामले की शिकायत पुलिस तक पहुंची। किशोरी की मां के फर्दबयान पर मुफस्सिल थाना में POCSO एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई। SP के निर्देश पर पुलिस टीम ने कार्रवाई शुरू की और नामजद आरोपी गुड़िया देवी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद पुलिस आरोपी को लेकर उसके घर पहुंची। उसकी निशानदेही पर आंगन में खुदाई कर मृत शिशु बरामद किया गया। पुलिस ने आरोपी को 23 अगस्त को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। मामले की जांच जारी है। पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं और अन्य संभावित आरोपियों की भूमिका की भी जांच कर रही है।