Kohramlive : तमिलनाडु विधानसभा में सोमवार को CM विजय ने कई बड़े ऐलान किये। राज्य के पात्र परिवारों को हर साल तीन मुफ्त LPG सिलेंडर दिये जायेंगे। ‘अन्नपूर्णानी सुपर सिक्स’ योजना पोंगल 2027 से शुरू होगी। सरकार ने इसके लिए 4,000 करोड़ रुपये का प्रावधान किया है। करीब 1.38 करोड़ परिवार इसके दायरे में आयेंगे। योजना का लाभ 2.5 लाख रुपये से कम सालाना आय वाले परिवारों को मिलेगा। आर्थिक रूप से कमजोर परिवार, छोटे और सीमांत किसान तथा 2.5 लाख रुपये तक आय वाले दिव्यांग सदस्य वाले परिवार भी पात्र होंगे। सिलेंडर बुक करने के बाद तेल कंपनियों से लाभार्थियों की सूची ली जायेगी। सिलेंडर की कीमत की राशि सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में भेजी जायेगी।
महिलाओं की बस यात्रा भी होगी फ्री
CM विजय ने महिलाओं के लिए मुफ्त बस यात्रा का दायरा बढ़ाने का ऐलान किया है। ‘वेट्री पनायना थिट्टम’ के तहत नई सुविधा 2 अक्टूबर से लागू होगी। शहरी और महानगरीय क्षेत्रों में चलने वाली एक्सप्रेस, LSS और डीलक्स सरकारी बसों में महिलायें मुफ्त यात्रा कर सकेंगी। मोफुसिल और पहाड़ी क्षेत्रों की सामान्य किराए वाली बसों में भी यह सुविधा मिलेगी। सरकार के मुताबिक मुफ्त यात्रा के लिए आय की कोई सीमा नहीं होगी। यात्राओं की संख्या पर भी रोक नहीं रहेगी। ट्रांसजेंडर लोग भी योजना का लाभ ले सकेंगे। इस योजना पर सरकार को सालाना करीब 6,000 करोड़ रुपये खर्च करने होंगे।
परंदूर एयरपोर्ट प्रोजेक्ट रद्द
विजय ने विधानसभा में परंदूर नये एयरपोर्ट प्रोजेक्ट को रद्द करने की घोषणा भी की। इससे पहले दिवंगत अभिनेत्री सौकार जानकी को विधानसभा में श्रद्धांजलि दी गई। सदस्यों ने दो मिनट का मौन रखकर उन्हें याद किया।








