Kohramlive : रविवार की वो शाम भारतीय क्रिकेट प्रेमियों के लिये किसी उत्सव से कम न थी। स्टेडियम में तिरंगे की लहराती बयार के बीच भारत ने एक बार फिर दुनिया को अपनी क्रिकेटीय शान का लोहा मनवाया। चैंपियंस ट्रॉफी के फाइनल में न्यूजीलैंड को शिकस्त देकर भारत ने सातवीं बार ICC ट्रॉफी पर कब्जा जमाया। पिच पर न्यूजीलैंड ने 50 ओवर में 251 रनों का लक्ष्य रखा था। जवाब में भारतीय टीम के ओपनर और कप्तान रोहित शर्मा ने मोर्चा संभाला। उनका हर चौका और छक्का मानो पूरे भारत की धड़कन को रफ्तार दे रहा था। 83 गेंदों पर 76 रनों की कप्तानी पारी ने भारतीय जीत की बुनियाद रख दी। इसके बाद कोहली और जडेजा ने टीम को जीत की दहलीज तक पहुंचाया।
जश्न में रंगा डांडिया डांस
भारत की इस जीत के बाद मैदान में सिर्फ क्रिकेट का जश्न ही नहीं था, बल्कि दोस्ती और भाईचारे का भी रंग नजर आया। कप्तान रोहित शर्मा और विराट कोहली ने विकेट हाथ में लेकर जो ‘डांडिया डांस’ किया, उसने हर दर्शक के चेहरे पर मुस्कान बिखेर दी। सोशल मीडिया पर यह वीडियो आग की तरह वायरल हुआ। फैंस ने इसे ‘विजयी डांस’ का नाम दिया।मैदान के रोमांचक पलों के बाद भारतीय सितारे अपने अपनों के साथ खुशी के लम्हे संजोने में पीछे नहीं रहे। विराट कोहली ने पत्नी अनुष्का शर्मा को गले लगाकर अपनी जीत का जश्न साझा किया। वहीं, रोहित शर्मा की पत्नी रितिका भी उनकी इस ऐतिहासिक जीत में साथ खड़ी रहीं। ये पल न केवल क्रिकेट प्रेमियों के लिये, बल्कि हर भारतीय के लिये गर्व और खुशी का क्षण था।
वीडियो आफ द डे डांडिया डांस रोहित कोहली ♥️😂🔥♥️🇮🇳❤️🫶#RohitSharma𓃵#ViratKohli𓃵#INDvsNZ #NZvIND #ChampionsTrophy2025 #ChampionsTrophyFinal #ChampionsTrophy#INDvsNZ pic.twitter.com/oWANmuYa5r
— पंडित ऋषि त्रिपाठी (मैं हूँ मोदी का परिवार ) (@Rishipandit214) March 9, 2025
भारत का गौरवशाली सफर
यह भारत की सातवीं ICC ट्रॉफी थी। 1983 और 2011 के वनडे विश्व कप, 2007 और 2024 के टी20 विश्व कप और 2002, 2013 तथा 2025 की चैंपियंस ट्रॉफी के बाद यह जीत भारत के क्रिकेट इतिहास में एक और सुनहरा अध्याय जोड़ गई। पूरे टूर्नामेंट में अजेय रही टीम इंडिया ने अपने हर मैच में दमखम दिखाकर दुनिया को बता दिया कि भारतीय क्रिकेट का परचम हमेशा ऊंचा रहेगा।








