Hazaribagh (Praveen Pandey, Barkattha) : मां-बाप का साया सिर से छिन जाने के बाद दो मासूम भाइयों को डिवाइन पब्लिक स्कूल ने गोद ले लिया। स्कूल के निदेशक और समाजसेवी आइपी भारती ने मीडिया को बताया कि दोनों भाइयों की पढ़ाई-लिखाई से लेकर पालन-पोषण की पूरी जिम्मेदारी अब वे उठाएंगे। बीते कल यानी शनिवार को बच्चों की मम्मी लीलावती और पापा डिलो साव को एक ट्रक ने अपनी चपेट में ले लिया था। डिलो की जान मौके पर ही चली गई थी। वहीं, लीलावती ने इलाज के दरम्यान दम तोड़ दिया था। घटना हजारीबाग के बरकट्ठा थाना क्षेत्र में हुई थी।
इसे भी पढ़ें : दो मासूमों के सिर से छिन गया मां-बाप का साया… देखें कैसे
यहां याद दिला दें कि डीलो साव अपनी बीवी के साथ मामा के घर गया हुआ था। मामा का घर मौगडहा बरही में है। वहां से वापस अपने घर बरकट्ठा लौट रहा था। दोनों बाइक से आ रहे थे। घर से कुछ ही दूर थे कि एक ट्रक ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। दोनों सड़क पर गिर पड़े। एक्सीडेंट की जोरदार आवाज सुन आसपास के लोग मौके पर जमा हो गये। देखा तो लहूलुहान डीलो साव की सांसों की डोर टूट चुकी थी। वहीं, खून से लतपथ उसकी बीवी दर्द से कराह रही थी। आनन-फानन में जख्मी लीलावती को बरकट्ठा के सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र ले जा गया। प्राथमिक उपचार के बाद उसे डॉक्टरों ने बेहतर इलाज के लिए हजारीबाग रेफर कर दिया। उसकी हालत गंभीर थी। हजारीबाग ले जाने के दरम्यान लीलावती ने भी दम तोड़ दिया। डीलो साव घर का इकलौता कमाऊ सदस्य था। परिजनों को यही चिंता सता रही थी कि दोनों मासूम भाइयों का पालन-पोषण कैसे होगा। उनकी इस चिंता को डिवाइन पब्लिक स्कूल के निदेशक ने आज दूर कर दिया।
इसे भी पढ़ें : मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव राजीव अरुण एक्का का तबादला








