Ranchi : राजधानी में लूट की बड़ी वारदात होते-होते बच गई। मांडर पुलिस ने वारदात को अंजाम देने से पहले ही दो बदमाशों को दबोच लिया। दोनों कलेक्शन का पैसा लूटने की फिराक में थे। हर बुधवार के दिन बहुत सारे लोग कलेक्शन का पैसा लेकर बंधन बैंक में जमा करने जाते हैं। वही लोग इन दोनों के टारगेट में थे। गिरफ्तार बदमाशों के पास से एक देसी कट्टा, जिन्दा गोलियां और मोबाइल जब्त किया गया है। गिरफ्तार बदमाशों के नाम सोहन टाना भगत और प्रकाश उरांव है। दोनों रांची के चान्हों थाना इलाके के पाटुक के रहने वाले हैं।
रांची पुलिस कप्तान किशोर कौशल तक बीते बुधवार को खबरीलाल ने सूचना पहुंचाई कि दो लोग चान्हो से रांची की ओर एक बाइक से जा रहे हैं। इनके पास हथियार भी है। किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने जा रहे हैं। SSP ने सूचना को गंभीरता से लिया। खलारी डीएसपी अनिमेश नैथानी की देखरेख में एक टीम का गठन किया गया। गठित टीम एक्शन मोड में आई और चटकल मोड़ के पास गाड़ियों की चेकिंग शुरू कर दी। बुधवार शाम लगभग साढ़े पांच बजे एक बाइक पर सवार दो लोग आते दिखाई दिये। पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया। पुलिस पर नजर पड़ते ही दोनों बाइक घुमाकर भागने लगे। वहां चेकिंग कर रही पुलिस की टीम ने दोनों का पीछा किया और खदेड़ कर दोनों दबोच लिया। दोनों की तलाशी ली गई। सोहन टाना भगत के कमर से एक देसी कट्टा और पॉकेट से मोबाइल मिला। वहीं प्रकाश उरांव के पॉकेट से दो जिन्दा गोलियां और एक मोबाइल फोन बरामद की गयी। बदमाशों की बाइक को भी जब्त कर लिया गया है।
सराहनीय रही इनके भूमिका
दोनों बदमाशों को दबोचने में खलारी डीएसपी अनिमेश नैथानी, मांडर थानेदार विनय यादव, एसआई प्रिया लक्ष्मी टुडू, संजय कुमार मुंडा, हवलदार जनार्दन सिंह, सिपाही मनीष कुमार, सुभान खान और राजीव कुमार की सराहनीय भूमिका रही।
इसे भी पढ़ें : सीएम हेमंत के घर पहुंच गया शिक्षकों का हुजूम… देखें क्यों
इसे भी पढ़ें : सीएम हेमंत के घर पहुंच गया शिक्षकों का हुजूम… देखें क्यों










