Ranchi : रांची की सड़कों पर सोमवार को अजीब सी खामोशी थी। कहीं चाय की दुकानों पर राजनीति की चर्चा थी, तो कहीं लोग छुट्टियों का मजा लेते नजर आये। मगर मतदान केंद्रों पर कुर्सियां थीं, अधिकारी थे, EVM थी, बस मतदाता कम थे। राज्य के 48 नगर निकायों में शाम 5 बजे तक कुल 61.24% मतदान दर्ज हुये। खबर है कि राजधानी रांची में सबसे कम 43.28% मतदान हुआ। अन्य नगर निगम क्षेत्रों में जैसे हजारीबाग 49.95%, मेदिनीनगर 57.41%, धनबाद 48%, गिरिडीह 60%, देवघर 52.92%, चास 49.76%, आदित्यपुर 54.96%, मानगो 50.70% मतदान प्रतिशत रहा। सबसे ज्यादा मतदान सरायकेला नगर पंचायत क्षेत्र में 75.35% दर्ज हुआ।
VIP बूथ पर भी पसरा सन्नाटा
शहर के चर्चित ATI बिल्डिंग मतदान केंद्र पर वोटरों की उपस्थिति बेहद कम रही। बूथ नंबर 01: 996 मतदाता सूची में, वोट पड़े सिर्फ 132। बूथ नंबर 02: 755 मतदाताओं में महज 141 ने किया मतदान। अधिकारियों ने भी माना कि यह लोकतंत्र के लिये चिंताजनक संकेत है। कुछ लोगों ने बताया कि कई मतदाता मतदान केंद्र की सही जानकारी के अभाव में भटकते रहे। एक ही परिवार के सदस्यों के अलग-अलग वार्ड और बूथ होने से भ्रम की स्थिति बनी। नतीजा, लोगों ने वोट डालने से दूरी बना ली। तीन दिन की लगातार छुट्टी (शनिवार-रविवार-सोमवार) का लाभ लेकर कई हाई-प्रोफाइल वोटर शहर से बाहर चले गये। कई मतदाता नौकरी के सिलसिले में दूसरे शहरों या विदेश में रहते हैं, लेकिन नाम अब भी स्थानीय वोटर लिस्ट में दर्ज है।








