UP : भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान विराट कोहली और बॉलीवुड अभिनेत्री अनुष्का शर्मा एक बार फिर आध्यात्मिक नगरी वृंदावन पहुंचे, लेकिन इस बार अंदाज कुछ अलग था, बेहद सादा, बेहद सच्चा। इस बार उनकी यात्रा निजी मुलाकात तक सीमित नहीं रही। दोनों हजारों श्रद्धालुओं के बीच सामान्य भक्त की तरह बैठकर संत प्रेमानंद महाराज का सत्संग सुनते नजर आये। न कोई विशेष कुर्सी, न कोई अलग व्यवस्था, बस भीड़ में घुल-मिलकर भक्ति में लीन दो चेहरे, जिन्हें देखकर लोगों को यकीन ही नहीं हुआ कि ये वही विराट और अनुष्का हैं।
बिना प्रोटोकॉल पहुंचे, सादगी ने जीता दिल
जानकारी के अनुसार, दंपती बिना किसी विशेष प्रोटोकॉल के सीधे प्रवचन स्थल पहुंचे। पहले जहां वे संत महाराज से शांत वातावरण में एकांत मुलाकात करते थे, इस बार उन्होंने सार्वजनिक सत्संग में शामिल होकर सबको चौंका दिया। भक्ति की इस सादगी ने वहां मौजूद श्रद्धालुओं के दिलों में खास जगह बना ली। बताया जा रहा है कि इस दौरे की पूर्व सूचना स्थानीय पुलिस को भी नहीं दी गई थी। धीरे-धीरे जैसे ही खबर फैली, सत्संग स्थल पर उत्सुकता की लहर दौड़ गई। फिर भी दोनों ने पूरी शालीनता और संयम बनाये रखा। न कोई हड़बड़ी, न कोई दिखावा, बस शांत भाव से प्रवचन सुनते रहे। सत्संग के दौरान संत प्रेमानंद महाराज ने ‘दीक्षा’ और ‘शरणागति’ के बीच के सूक्ष्म अंतर को भावपूर्ण शब्दों में समझाया। विराट और अनुष्का पूरी तल्लीनता से हर शब्द सुनते रहे, जैसे जीवन के मैदान में कोई नया मंत्र सीख रहे हों।






