Ranchi : झारखंड में परीक्षाओं को लेकर पहले से सुलग रहा छात्रों का गुस्सा शुक्रवार को सड़क पर उस वक्त बवाल में बदल गया, जब मुख्यमंत्री का पुतला दहन करने पहुंचे छात्रों और विरोधी पक्ष के लोगों के बीच झड़प हो गई। रांची और गिरिडीह में हुये हंगामे ने आंदोलन को नया सियासी रंग दे दिया है। रांची में पुतला छीनकर भागने की कोशिश कर रहे एक युवक पर छात्रा के साथ मारपीट करने का आरोप लगा है। वहीं गिरिडीह में मुख्यमंत्री का पुतला फूंकने पहुंचे छात्रों को कथित तौर पर झामुमो कार्यकर्ताओं ने दौड़ा-दौड़ाकर पीटा। दोनों जगहों पर स्थिति बिगड़ते देख पुलिस ने मोर्चा संभाला और किसी तरह माहौल शांत कराया।
रांची में पुतला छीनने को लेकर भिड़े प्रदर्शनकारी
रांची में छात्रों के पुतला दहन कार्यक्रम के दौरान उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब एक युवक पुतला छीनकर भागने लगा। इसी दौरान एक छात्रा के साथ मारपीट किये जाने का आरोप सामने आया। घटना के बाद मौके पर तनाव बढ़ गया। पुलिस ने हस्तक्षेप करते हुये एक युवक को हिरासत में लिया है। फिलहाल पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि विवाद की शुरुआत कैसे हुई। वहीं, गिरिडीह में भी मुख्यमंत्री का पुतला दहन करने पहुंचे छात्रों और झामुमो कार्यकर्ताओं के बीच विवाद हो गया। आरोप है कि झामुमो कार्यकर्ताओं ने छात्रों को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा। अचानक हुये विवाद से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों पक्षों को अलग किया और स्थिति को नियंत्रित किया। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बना रहा।
परीक्षाओं के रद्द होने से शुरू हुआ विवाद
दरअसल, झारखंड में छात्रों के आंदोलन और परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं को लेकर सरकार ने कुछ परीक्षाओं को रद्द करने का फैसला लिया था। इसके बाद जिन अभ्यर्थियों की नियुक्ति हो चुकी थी, उन्होंने सरकार के फैसले के खिलाफ हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया। हाईकोर्ट ने सरकार के आदेश को रद्द कर दिया। इसके बाद छात्रों ने सरकार पर “धोखा देने” का आरोप लगाते हुये आंदोलन तेज करने का ऐलान किया। अब पुतला दहन जैसे विरोध कार्यक्रमों में आमने-सामने आ रहे समर्थकों और छात्रों के बीच झड़प ने माहौल को और गरमा दिया है।








