रांची : 7 साल के अपहृत बच्चे शहनवाज अंसारी की लाश कुएं में मिलने की खबर के बाद जनाक्रोश उबाल पर आ गया। लोग गोलबंद होकर सड़क पर उतर आए और रोड जाम कर दिया। सबकी थी एक ही मांग… मासूम बच्चे के कातिलों को 48 घंटे के अंदर खोज निकालो, वरना करेंगे आंदोलन। शहनवाज की लाश उसके घर से कुछ दूर एक कुएं में मिली। उसका घर पिठोरिया थाना क्षेत्र के हेठ कोनकी गांव में है।
12 जनवरी की शाम शहनवाज रहस्यमय ढंग से गायब हो गया था। उसे हर संभावित ठिकानों पर खोजा गया, पर उसका कुछ पता नहीं चला। 13 जनवरी को शहनवाज के पिता शाहजहां अंसारी ने पिठोरिया थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई। दर्ज प्राथमिकी में उन्होंने आरोप लगाया कि उनके मासूम बेटे का अपहरण कर लिया गया है। अपने बयान में बताया कि 12 जनवरी को वह अपने टांड में बोरिंग करवा रहे थे। उनका बेटा साथ में ही था। अचानक शाम 6:00 बजे के बाद वह गायब हो गया। शाहजहां का आरोप है कि उनके बेटे का अपहरण करने में मंगरा उरांव, गिरू उरांव, चंपा उरांव, महादेव उरांव और रंजीत उरांव का हाथ है। परिजनों का आरोप है कि जमीन विवाद के कारण उनके बेटे का अपहरण कर उसे मार कर कुएं में फेंक दिया गया।
इधर आज दिन में कुछ ग्रामीणों की नजर कुएं में तैरती एक लाश पर पड़ी। पहचान शहनवाज अंसारी के तौर पर की गई। मौके पर परिजनों के अलावा भीड़ जमा हो गई। सूचना पुलिस तक पहुंची। मौके पर पहुंची पुलिस ने कुछ लोगों की मदद से शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेजा। कातिल की तलाश में पुलिस ने खोजी कुत्ते की भी मदद ली। अपहृत शहनवाज की लाश मिलने की खबर के बाद लोगों का गुस्सा उबाल पर आ गया। मौके पर मौजूद ग्रामीण एसपी नौशाद आलम सहित कई पुलिस अधिकारियों ने आंदोलनकारियों को समझाया-बुझाया और उन्हें आश्वस्त किया कि बहुत जल्द मासूम के कातिल पुलिस की गिरफ्त में होंगे। वहीं आंदोलनकारियों ने पुलिस को 48 घंटे का समय दिया है। पुलिस को पोस्टमार्टम रिपोर्ट का भी इंतजार है। अभियुक्तों को खोज निकालने के लिए एक एसआईटी टीम बना दी गई है। गठित एसआईटी टीम हिरासत में लिये गए पांच लोगों से पूछताछ कर रही थी। इस मामले को पुलिस प्रशासन ने काफी गंभीरता से लिया है।
इसे भी पढ़ें : मासूम शाहनवाज अंसारी की लाश मिलने के बाद जनाक्रोश उबाल पर(Video)







