Patna : राजधानी पटना सिटी के मुंगलपुरा टीओपी क्षेत्र में मंगलवार को पुलिस को बड़ी सफलता मिली। नियमित वाहन जांच अभियान के दौरान दो युवक 32 लाख रुपये नकद के साथ पकड़े गये। पुलिस के मुताबिक, मोटरसाइकिल पर सवार युवकों ने पुलिस को देखकर भागने की कोशिश की। तलाशी में उनके पास मौजूद बैग से 500 रुपये के नोटों में कुल 32 लाख रुपये बरामद हुये। युवकों ने दावा किया कि यह राशि वर्धमान की एक निजी कंपनी की है, जिसे बैंक में जमा कराने के लिए लाया जा रहा था। हालांकि उनके पास वैध दस्तावेज नहीं थे, जिससे मामला संदिग्ध बन गया।
पटना सिटी के SDPO डॉ. गौरव कुमार ने बताया कि नकदी को जब्त कर आयकर विभाग को सूचना दे दी गई है। दोनों युवकों से गहन पूछताछ जारी है और कंपनी से भी संपर्क किया जा रहा है ताकि रकम की वैधता की पुष्टि हो सके।












