Garhwa(Nityanand Dubey) : भाजपा गढ़वा मंडल अध्यक्ष उमेश कश्यप के नेतृत्व में ऑपरेशन सिंदूर की कामयाबी के जश्न में शुक्रवार को भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। यह यात्रा स्थानीय काली मंदिर के प्रांगण तक गई, जहां उपस्थित सेना से रिटायर्ड सैनिकों का अंगवस्त्र और पुष्पगुच्छ देकर सम्मान किया गया। कार्यक्रम में भाजपा जिला अध्यक्ष ठाकुर प्रसाद महतो ने कहा, “भारत की सैन्य शक्ति ने पूरी दुनिया को दिखा दिया है कि हमारे वीर जवान अपने देश, ध्वज और जनभूमि की रक्षा के लिए जो अद्भुत शौर्य और वीरता दिखाते हैं, वह अतुलनीय है।”
पूर्व सांसद घूरन राम ने कहा,”हमारी सेना ने अपने शत्रुओं और पाक समर्थित आतंकवादियों को उनके अड्डों में जाकर मुंहतोड़ जवाब दिया है, जिस पर पूरे देश को गर्व है। ऑपरेशन सिंदूर की सफलता साबित करती है कि भारत अब किसी के दबाव में नहीं आयेगा।” उन्होंने आगे कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निर्देशानुसार यह लड़ाई तब तक जारी रहेगी, जब तक आतंकवाद और उग्रवाद पूरी तरह समाप्त नहीं हो जाता।
तिरंगा यात्रा में गढ़वा शहर के आम नागरिकों के साथ भाजपा के कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता भी शामिल रहे, जिनमें जिला अध्यक्ष ठाकुर प्रसाद महतो, पूर्व सांसद घूरन राम, रिंकू तिवारी, अरविंद तूफानी, ओम प्रकाश गुप्ता, लक्ष्मण राम, उमेश कश्यप सहित अनेक भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता प्रमुख थे। कार्यक्रम में उपस्थित लोग एकजुट होकर अपने वीर सैनिकों को नमन करते हुए देश की एकता और सुरक्षा के संकल्प को दोहराते नजर आये।












