Palamu : धूप से झुलसते शहर में, ट्रैफिक व्यवस्था संभाल रहे पुलिसकर्मियों के लिये गुरूवार को राहत की हवा लेकर आया। लायंस क्लब फेमिना, डालटनगंज द्वारा ट्रैफिक पुलिसकर्मियों को चश्मा और थरमस किट दिये गये। एक छोटी-सी सौगात, जो बड़ी संवेदनशीलता और सम्मान का प्रतीक बनी। यह कार्यक्रम शहर थाना, मेदिनीनगर परिसर में आयोजित हुआ, जिसमें पलामू रेंज के DIG नौशाद आलम और SP रीष्मा रमेशन की मौजूद थी।
SP रीष्मा रमेशन ने इस पहल की सराहना करते हुये कहा,”गर्मी में ड्यूटी देनेवाले ट्रैफिक कर्मियों के लिये यह सहयोग न केवल स्वास्थ्य की दृष्टि से उपयोगी है, बल्कि यह सामाजिक सहभागिता की मिसाल भी है।” उन्होंने यह भी साझा किया कि चैंबर ऑफ कॉमर्स और स्थानीय व्यवसायियों के साथ हुई बैठक में इस तरह की मदद का विचार सामने आया था, जो आज साकार हुआ। DIG नौशाद आलम ने भी कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा,”ऐसी पहलों से जवानों का मनोबल बढ़ता है। समाज और पुलिस के बीच सहयोग की यह डोर और मजबूत होनी चाहिये।” लायंस क्लब फेमिना की सदस्यों ने इस मौके पर भरोसा दिलाया कि वे भविष्य में भी सामाजिक उत्तरदायित्व के तहत पुलिस विभाग सहित अन्य जरूरतमंद वर्गों के लिये इस तरह के सहयोग जारी रखेंगी।












