Ranchi(Kuldeep Tiwari) : रांची से सटे ओरमांझी का अंचल मैदान शनिवार को उस वक्त पूरी तरह करम पर्व की रंगत में रंग गया, जब कुरमी विकास मोर्चा की ओर से आयोजित करम महोत्सव में हजारों लोगों का जनसैलाब उमड़ पड़ा। ढोल-नगाड़ों की गूंज, पारंपरिक वेशभूषा और झुमर की थाप ने पूरे माहौल को उत्सव के रंग में सराबोर कर दिया। ओरमांझी के साथ अनगड़ा, कांके समेत कई प्रखंडों से बड़ी संख्या में लोग कार्यक्रम में पहुंचे। महिला, पुरुष, युवक और युवतियां पारंपरिक परिधान में सजकर ढोल-नगाड़ों के साथ नाचते-गाते महोत्सव स्थल तक पहुंचे। आयोजन स्थल पर हर तरफ उत्साह और उमंग का माहौल नजर आया। करम महोत्सव में मुख्य अतिथि के रूप में आजसू पार्टी के सुप्रीमो सुदेश कुमार महतो पहुंचे। कार्यक्रम स्थल पर पहुंचते ही उनका जोरदार स्वागत किया गया। इसके बाद सुदेश महतो अलग-अलग अखाड़ों में पहुंचे और लोगों के साथ बारी-बारी से झुमर खेलते नजर आये। उन्होंने पारंपरिक नृत्य का आनंद लिया और महोत्सव में शामिल लोगों का उत्साह बढ़ाया।
सुदेश महतो बोले, संस्कृति मजबूत होगी तो समाज आगे बढ़ेगा
कार्यक्रम को संबोधित करते हुये सुदेश कुमार महतो ने कहा कि अपनी परंपरा और संस्कृति को आगे बढ़ाना हम सभी की जिम्मेदारी है। हमारी पहचान हमारी संस्कृति और परंपराओं से जुड़ी हुई है। उन्होंने कहा कि जब संस्कृति मजबूत होगी तो समाज भी आगे बढ़ता रहेगा। ऐसे आयोजनों के जरिये नई पीढ़ी को अपनी जड़ों, परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने का काम होता है। करम महोत्सव में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और गणमान्य लोग भी मौजूद रहे। कार्यक्रम में पूर्व सांसद रामटहल चौधरी, जिला परिषद अध्यक्ष निर्मला देवी, रंधीर चौधरी, जैलेंद्र महतो, संजय महतो, जिला परिषद सदस्य सरिता देवी, पूर्व उपप्रमुख जयगोविंद साहू, पूर्व जिला परिषद सदस्य रीना केरकेट्टा, मुखिया शिवनाथ मुंडा सहित कई लोग शामिल हुये। महोत्सव में लोगों ने पारंपरिक गीत-संगीत और नृत्य का जमकर आनंद लिया। ढोल-नगाड़ों की थाप पर थिरकते लोगों ने करम पर्व की सांस्कृतिक खूबसूरती को जीवंत कर दिया। कार्यक्रम के सफल आयोजन में आयोजन समिति के अध्यक्ष संजय महतो, सचिव अनिल महतो, कोषाध्यक्ष आकाश महतो, मुख्य संरक्षक सरिता देवी समेत समिति के पदाधिकारियों और सदस्यों की अहम भूमिका रही।
ओरमांझी में ढोल-नगाड़ों की थाप पर थिरके हजारों कदम… देखें वीडियो#KaramMahotsav #KaramParv #Ormanjhi #Ranchi #KaramFestival #RanchiNews pic.twitter.com/cf4Fg7avlV
— KohramLive (@KohramLive) September 28, 2026





