Ranchi : रांची के धुर्वा स्थित JSCA इंटरनेशनल स्टेडियम में 9 अक्टूबर को भारत और वेस्टइंडीज के बीच दूसरे टी-20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबला होगा। मैच को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। संभावित भारी भीड़ को देखते हुये सुरक्षा, ट्रैफिक और भीड़ नियंत्रण को लेकर प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है। रांची के DC मंजूनाथ भजन्त्री की अध्यक्षता में समाहरणालय में हाई लेवल मीटिंग हुई। बैठक में मैच के दौरान कानून-व्यवस्था, सुरक्षा, यातायात प्रबंधन और भीड़ नियंत्रण को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि दोपहर 3 बजे से दर्शकों की एंट्री शुरू होगी। इससे पहले बिना टिकट वाले दर्शकों को स्टेडियम के आसपास इकट्ठा नहीं होने दिया जायेगा, ताकि किसी तरह की अव्यवस्था न हो।
गेट पर बनेगी कतार, तभी मिलेगी एंट्री
दर्शकों को निर्धारित गेट से कतारबद्ध तरीके से स्टेडियम में प्रवेश दिया जायेगा। प्रशासन ने क्रिकेट प्रेमियों से अपील की है कि वे समय से पहले स्टेडियम पहुंचें और निर्धारित स्थान पर कतार में लगकर अपनी बारी का इंतजार करें। वहीं, स्टेडियम में प्रतिबंधित सामान लेकर नहीं आने की अपील की गई है। सुरक्षा जांच के बाद ही दर्शकों को प्रवेश दिया जायेगा। मैच के दौरान रांची की सड़कों पर बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुये ट्रैफिक मैनेजमेंट की विशेष व्यवस्था की जा रही है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें और केवल निर्धारित पार्किंग स्थलों का इस्तेमाल करें। स्टेडियम परिसर और उसके आसपास सुरक्षा व्यवस्था को भी मजबूत रखने के निर्देश दिये गये हैं। बैठक में जिला प्रशासन, पुलिस और JSCA के अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ सभी तैयारियां समय पर पूरी करने का निर्देश दिया गया। प्रशासन ने शहरवासियों और क्रिकेट प्रेमियों से किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस कंट्रोल रूम को देने की अपील की है। बैठक में रांची पुलिस कप्तान राकेश रंजन, अपर जिला दंडाधिकारी (विधि-व्यवस्था) धनंजय, सदर SDO कुमार रजत, सिटी SP पारस राणा, ट्रैफिक SP राकेश सिंह, ट्रेनी IAS अधिकारी आस्था शरण समेत JSCA अध्यक्ष अजय नाथ शाहदेव, उपाध्यक्ष संजय पाण्डेय और सचिव सौरभ तिवारी मौजूद रहे।





