Kohramlive : दुनिया में कुछ जीव ऐसे हैं, जिनका नाम सुनते ही दिल में डर की लहर दौड़ जाती है। सांप भी उन्हीं खतरनाक जीवों में शामिल हैं। जंगल हो या खेत-खलिहान, सांप का अचानक सामने आ जाना लोगों के लिये किसी डरावने सपने से कम नहीं होता। इनके जहर की ताकत इतनी भयावह होती है कि कई प्रजातियों के काटने के बाद समय पर इलाज नहीं मिले तो इंसान की जान बचाना मुश्किल हो सकता है। विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) की रिपोर्ट के अनुसार, दुनिया में हर साल करीब 54 लाख लोग सांप के काटने का शिकार होते हैं, जबकि एक लाख से अधिक लोगों की मौत हो जाती है। आइये जानते हैं दुनिया के उन पांच सबसे जहरीले सांपों के बारे में, जिनका नाम सुनकर ही खतरे का एहसास होने लगता है।
1. ब्लैक माम्बा: रफ्तार और जहर का खतरनाक मेल
ब्लैक माम्बा (Dendroaspis polylepis) अफ्रीका के सबसे खतरनाक सांपों में गिना जाता है। इसके जहर की थोड़ी मात्रा भी इंसान के लिये जानलेवा साबित हो सकती है। इसके मुंह के अंदर का हिस्सा गहरे काले रंग का होता है, इसी वजह से इसका नाम ब्लैक माम्बा पड़ा। इसकी लंबाई औसतन करीब 8 फीट तक होती है। यह करीब 19 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकता है। तेज चाल और घातक जहर इसे दुनिया के सबसे डरावने सांपों में शामिल करते हैं।

2. किंग कोबरा: जंगल का खतरनाक राजा
नाम से ही इसकी पहचान होती है, किंग कोबरा। यह दुनिया के सबसे लंबे जहरीले सांपों में शामिल है। इसकी लंबाई करीब 18 फीट तक पहुंच सकती है। यह अपने शिकार को काफी दूरी से पहचान सकता है। इसके काटने पर शरीर में बड़ी मात्रा में जहर पहुंच सकता है। भारत समेत एशिया के कई इलाकों में पाया जाने वाला यह सांप अपनी फुफकार और खतरनाक अंदाज के लिये जाना जाता है।

3. इनलैंड ताइपन: दुनिया का सबसे जहरीला सांप
ऑस्ट्रेलिया में पाया जाने वाला इनलैंड ताइपन वैज्ञानिकों के अनुसार दुनिया का सबसे जहरीला सांप माना जाता है। इसके एक बार काटने से निकलने वाला जहर बेहद शक्तिशाली होता है। माना जाता है कि इसका जहर कई इंसानों की जान लेने की क्षमता रखता है। हालांकि यह स्वभाव से शर्मीला होता है और इंसानों से दूर रहना पसंद करता है। यही वजह है कि इतना जहरीला होने के बावजूद इसके काटने के मामले अपेक्षाकृत कम सामने आते हैं।

4. कोस्टल ताइपन: तेज और बेहद जहरीला शिकारी
ऑस्ट्रेलिया और पापुआ न्यू गिनी के तटीय इलाकों में पाया जाने वाला कोस्टल ताइपन दुनिया के तेज और जहरीले सांपों में शामिल है। यह जंगलों, ऊंची झाड़ियों और घास वाले इलाकों में छिपा रहता है। इसकी फुर्ती और जहरीला जहर इसे बेहद खतरनाक बनाते हैं। यह अपने शिकार पर तेजी से हमला करने के लिये जाना जाता है।

5. सॉ-स्केल्ड वाइपर: इंसानों के लिये बड़ा खतरा
आकार में छोटा दिखने वाला सॉ-स्केल्ड वाइपर बेहद खतरनाक होता है। इसके काटने से इंसानों की मौत के मामले काफी अधिक सामने आते हैं। यह अक्सर इंसानी आबादी के आसपास भी पाया जाता है। भारत, पाकिस्तान, अफ्रीका और मध्य-पूर्व के कई इलाकों में इसकी मौजूदगी है। छोटा आकार होने के बावजूद इसका जहर इसे खतरनाक सांपों की सूची में शामिल करता है।

इसे भी पढ़ें : झारखंड के जेल आईजी ICU में…
इसे भी पढ़ें : बाल कटवाने का सपना आने का मतलब किसी खास चीज को खोने का संकेत…
इसे भी पढ़ें : PM-CM को हटाने वाले बिल में बदलाव की तैयारी…
इसे भी पढ़ें : गिरिडीह के प्रसिद्ध डॉक्टर का कुएं में मिला श’व, जांच जारी…
इसे भी पढ़ें : धम से गिरा सोना-चांदी, ताजा भाव… जानें








