Kohramlive : आगामी 12 अगस्त को साल का सबसे खास पूर्ण सूर्य ग्रहण लगने जा रहा है। यह ग्रहण कई देशों में बेहद रोमांचक नजारा पेश करेगा। कुछ इलाकों में दिन के वक्त ही अंधेरा छा जायेंगा। हालांकि, भारत में रहने वाले लोगों को यह खगोलीय घटना देखने को नहीं मिलेगी। 12 अगस्त का पूर्ण सूर्य ग्रहण उत्तरी रूस, ग्रीनलैंड, आइसलैंड, स्पेन और पुर्तगाल के कुछ हिस्सों में दिखाई देगा। स्पेन के उत्तरी हिस्सों में इसका नजारा सबसे खास हो सकता है। यहां ग्रहण के दौरान दिन में कुछ समय के लिए अंधेरा छाने जैसा दृश्य दिखाई देगा।
इन देशों में दिखेगा आंशिक ग्रहण
अमेरिका के उत्तरी हिस्सों, कनाडा, उत्तर-पश्चिमी अफ्रीका और यूरोप के कई इलाकों में सूर्य ग्रहण आंशिक रूप में दिखाई देगा। कुछ जगहों पर चंद्रमा सूर्य के 90 फीसदी या उससे अधिक हिस्से को ढक लेगा। अफ्रीका और यूरोप के कुछ हिस्सों में सूर्यास्त के वक्त ग्रहण दिखाई देगा। यानी आसमान में ग्रहण के साये में ढलता सूरज नजर आयेगा।
भारत में क्यों नहीं दिखेगा?
भारतीय समय के अनुसार ग्रहण 12 अगस्त की रात करीब 9:05 बजे शुरू होगा। पूर्ण ग्रहण रात 10:29 बजे शुरू होकर 11:17 बजे के आसपास मध्य अवस्था में रहेगा। पूर्ण ग्रहण करीब 12:05 बजे समाप्त होगा। ग्रहण की अंतिम अवस्था 13 अगस्त की रात करीब 1:29 बजे खत्म होगी। इस दौरान भारत में रात होगी। इसलिए 12 अगस्त का सूर्य ग्रहण भारत से दिखाई नहीं देगा।
लेकिन 12 अगस्त सिर्फ ग्रहण के लिए खास नहीं
इस दिन ग्रहण के अलावा भी आसमान में कई दुर्लभ नजारे देखने को मिलेंगे। सुबह छह ग्रह एक कतार में नजर आयेंगे। वहीं रात में पर्सिड उल्का वर्षा अपने चरम पर होगी। अमावस्या होने के कारण आसमान में चांद की रोशनी नहीं होगी और टूटते तारों का नजारा ज्यादा साफ दिखाई दे सकता है।















