Kohramlive : सावन की पवित्र बेला और आसमान में सूर्य ग्रहण का अद्भुत नजारा कल यानी 12 अगस्त को दिखेगा। साल का दूसरा और अंतिम सूर्य ग्रहण है। धार्मिक मान्यताओं और ज्योतिषीय गणनाओं में सूर्य ग्रहण को खास घटना माना जाता है। मान्यता है कि इस दौरान बनने वाली ग्रहों की स्थिति का असर राशियों पर भी पड़ सकता है। इस बार ग्रहण कर्क राशि और अश्लेषा नक्षत्र में पड़ने की बात कही जा रही है। ऐसे में किसी राशि के लिये यह समय अवसरों की दस्तक ला सकता है, तो किसी को संभलकर कदम बढ़ाने की सलाह दी जा रही है। पंचांग के अनुसार, वर्ष 2026 का दूसरा और अंतिम सूर्य ग्रहण 12 अगस्त की रात 9.04 बजे से शुरू होकर 13 अगस्त की सुबह 4.25 बजे तक रहेगा। यह पूर्ण सूर्य ग्रहण बताया गया है। हालांकि, ग्रहण का प्रभाव और दृश्यता स्थान के अनुसार अलग-अलग हो सकती है। अब आइये जानते हैं ज्योतिषीय मान्यताओं के अनुसार 12 राशियों पर इसका संभावित प्रभाव…
मेषः करियर में मिल सकता है नया मौका। मेष राशि वालों के लिये ग्रहण सकारात्मक संकेत लेकर आ सकता है। नौकरी में नई जिम्मेदारियां और आगे बढ़ने के अवसर मिल सकते हैं। लंबे समय से अटके काम पूरे होने की उम्मीद है। कारोबारियों को नये प्रोजेक्ट या विस्तार का मौका मिल सकता है। पुराने निवेश से लाभ की संभावना भी जताई जा रही है। उपाय: नियमित रूप से हनुमान चालीसा का पाठ करें।
वृषभः अवसर आयेंगे, सेहत को न करें नजरअंदाज। वृषभ राशि वालों के लिये समय मिला-जुला रह सकता है। करियर और आर्थिक मामलों में नये रास्ते खुल सकते हैं, लेकिन स्वास्थ्य को लेकर लापरवाही भारी पड़ सकती है। बेवजह की यात्रा और खर्च से बचना बेहतर रहेगा। उपाय: भगवान शिव को सफेद फूल अर्पित करें।
मिथुनः धन लाभ के योग बन सकते हैं। मिथुन राशि वालों के लिये आर्थिक मोर्चे पर समय अच्छा रह सकता है। आय के नये स्रोत बनने और अचानक धन लाभ की संभावना जताई जा रही है। हालांकि बातचीत में संयम जरूरी होगा। गुस्से में कही बात रिश्तों में दरार डाल सकती है। उपाय: जरूरतमंदों को हरी सब्जियों का दान करें।
कर्कः संभलकर चलने का समय है। ग्रहण कर्क राशि में पड़ने की वजह से इस राशि के जातकों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी जा रही है। काम में सुस्ती और मानसिक तनाव महसूस हो सकता है। आर्थिक जोखिम लेने से बचें और लेन-देन में पूरी सावधानी बरतें। उपाय: ग्रहण के अगले दिन उगते सूर्य को जल अर्पित करें।
सिंहः विवाद और खर्च से दूर रहें । सिंह राशि वालों के लिए समय थोड़ा चुनौतीपूर्ण हो सकता है। अनावश्यक विवादों में पड़ने और दूसरों के मामलों में हस्तक्षेप से बचें। अचानक बढ़े खर्च आर्थिक दबाव बढ़ा सकते हैं। सेहत और दिनचर्या पर ध्यान देना जरूरी होगा। उपाय: सूर्य अष्टकम का पाठ करें।
कन्याः बातों को लेकर बरतें सावधानी। कन्या राशि वालों को व्यक्तिगत और कार्यक्षेत्र में छोटी चुनौतियों का सामना करना पड़ सकता है। आपकी कोई बात गलत समझी जा सकती है, जिससे रिश्तों में तनाव पैदा हो सकता है। बड़े निवेश या आर्थिक फैसले जल्दबाजी में न लें। उपाय: जरूरतमंद विद्यार्थियों को किताबें या पढ़ाई की सामग्री दान करें।
तुलाः अटके काम रफ्तार पकड़ेंगे। तुला राशि के लिये सूर्य ग्रहण सकारात्मक बदलाव का संकेत दे सकता है। लंबे समय से अटके काम पूरे हो सकते हैं और करियर में नए अवसर मिल सकते हैं। आमदनी-खर्च में संतुलन बना रहेगा। नया काम शुरू करने वालों के लिए समय अनुकूल रह सकता है। उपाय: शाम को घी का दीपक जलाकर परिवार की सुख-शांति की प्रार्थना करें।
वृश्चिकः मेहनत का फल मिल सकता है। वृश्चिक राशि वालों के लिये नये अवसर दस्तक दे सकते हैं। नौकरी बदलने की सोच रहे लोगों को अच्छी खबर मिल सकती है। कारोबार में नये ग्राहक और लाभदायक सौदे मिलने के संकेत हैं। आर्थिक स्थिति मजबूत होने और परिवार से शुभ समाचार मिलने की संभावना जताई जा रही है। उपाय: भगवान शिव को जल और शहद अर्पित करें।
धनुः स्वास्थ्य और ऑफिस के विवाद से बचें। धनु राशि वालों को इस दौरान विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी जा रही है। खानपान और दिनचर्या सुधारें। बड़े निवेश से पहले पूरी तरह सोच-विचार करें। काम का दबाव बढ़ सकता है, इसलिए ऑफिस में विवाद से दूरी बनाये रखना बेहतर होगा। उपाय: पीली मिठाई या हल्दी का दान करें।
मकरः भरोसा करने से पहले जांच जरूरी है। मकर राशि वालों के लिये समय चुनौतीपूर्ण रह सकता है। किसी की बात पर आंख बंद करके भरोसा न करें। निवेश और धन से जुड़े मामलों में पूरी पड़ताल करें। फिजूलखर्ची पर लगाम लगाना जरूरी होगा। उपाय: कुछ समय ध्यान और आत्मचिंतन में बितायें।
कुंभः सफलता के खुल सकते हैं रास्ते। कुंभ राशि के लिये ग्रहण उपलब्धियों का संकेत दे सकता है। करियर में तरक्की और वरिष्ठ अधिकारियों का सहयोग मिलने की संभावना है। कारोबार में योजनाएं सफल हो सकती हैं और आर्थिक स्थिति मजबूत होने के संकेत हैं। पुराने विवाद खत्म होने से राहत मिल सकती है। उपाय: भगवान शिव को जल और शहद अर्पित करें।
मीनः धैर्य ही बनेगा सबसे बड़ा हथियार। मीन राशि वालों को इस दौरान संयम और संतुलन बनाये रखने की जरूरत होगी। काम का दबाव बढ़ सकता है। ऑफिस की परेशानी को निजी जीवन पर हावी न होने दें। भावनाओं में आकर कोई बड़ा फैसला न लें। उपाय: मंदिर में केसर या पीले रेशमी धागे का दान करें।
नोट: ग्रहण की शुरुआत, समाप्ति, दृश्यता और सूतक आदि से जुड़े नियम स्थान और पंचांग के अनुसार अलग हो सकते हैं। स्थानीय पंचांग या विशेषज्ञ से पुष्टि करना उचित रहेगा।















