Garhwa(Nityanand Dubey) : गढ़वा की समाहरणालय सभा कक्ष में सोमवार को नजारा कुछ अलग था। चारों ओर अधिकारी, जनप्रतिनिधि और बीच में जनता की उम्मीदों के पहरेदार पलामू लोकसभा क्षेत्र के सांसद विष्णु दयाल राम बैठे थे। यह कोई साधारण बैठक नहीं थी, बल्कि ‘दिशा’ बैठक थी, जहां हर चर्चा का सिरा जनता के सपनों से जुड़ता है। सांसद बीडी राम ने साफ कहा कि गढ़वा और पलामू की तरक्की बिना मजबूत सड़कों के अधूरी है। भवनाथपुर–कांडी–कैलान पथ की धीमी रफ्तार पर उन्होंने नाराजगी जताई और अफसरों को सख्त निर्देश दिये कि काम समय पर और गुणवत्ता के साथ पूरा हो। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना और अन्य विभागों से जुड़े निर्माण कार्यों को भी तेजी देने पर बल दिया। बैठक में सोन–कनहर पाइपलाइन जलापूर्ति योजना खास चर्चा का विषय रही। सांसद ने इसे तय समय सीमा में पूरा करने की हिदायत दी। खराब चापानलों और बंद जलमीनारों को दुरुस्त करने के निर्देश दिये। पाइपलाइन बिछाने के बाद टूटी सड़कों की मरम्मत न होने पर भी अधिकारियों को कड़ी चेतावनी दी गई।
शिक्षा और बच्चों का भविष्य
जब शिक्षा की बारी आई तो सांसद का स्वर और गहरा हो गया। उन्होंने कहा कि कस्तूरबा आवासीय विद्यालय और अन्य स्कूलों में बच्चों को पानी, शौचालय और भोजन जैसी बुनियादी सुविधायें हर हाल में मिलनी चाहिये। जिला शिक्षा पदाधिकारी को सभी स्कूलों से संबंधित रिपोर्ट तुरंत देने का आदेश दिया गया।
स्वास्थ्य सेवाओं पर विशेष फोकस
भंडरिया और बरगढ़ जैसे दूरस्थ इलाकों में डॉक्टरों की कमी पर सांसद ने चिंता जताई। सिविल सर्जन ने भरोसा दिलाया कि वैक्सीन (सांप और कुत्ते के काटने पर) सभी केंद्रों में उपलब्ध है और डॉक्टरों की ड्यूटी रोस्टर के अनुसार लगाई जा रही है। प्रधानमंत्री आवास योजना से लेकर विश्वकर्मा योजना, राशन वितरण और धान अधिप्राप्ति तक, हर योजना पर बारीक समीक्षा हुई। सांसद ने अधिकारियों को चेताया कि “योजनायें सिर्फ फाइलों में नहीं, बल्कि लोगों की जिंदगी में बदलाव लायें। उन्होंने प्रचार-प्रसार बढ़ाने और हर पात्र तक लाभ पहुंचाने पर जोर दिया। सभा के अंत में सांसद ने कहा कि “हम सबका कर्तव्य है कि सकारात्मक सोच के साथ काम करें। गढ़वा और पलामू का विकास ही हमारी असली पहचान बने।”






